ग्वालियर एयरपोर्ट के विस्तार कार्य व विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह को केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री द्वय श्री तोमर व श्री सिंधिया सहित राज्य सरकार के मंत्रिगण हुए समारोह में शामिल
ग्वालियर।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि ग्वालियर में देश के अत्याधुनिक हवाई अड्डे के निर्माण से जहाँ हवाई सेवाओं का विस्तार होगा वहीं कार्गो टर्मिनल के निर्माण से पूरे विश्व में ग्वालियर एवं चंबल अंचल के लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों के उत्पादों का आयात – निर्यात हो सकेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा इससे आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी और ग्वालियर-चंबल अंचल का तेजी से विकास होगा। श्री अमित शाह रविवार को ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल नवीन भवन व हवाई अड्डे के विस्तार कार्य का शिलान्यास, नल-जल योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश समारोह को संबोधित कर रहे थे।
लगभग 446 करोड़ रूपए की लागत से बनने जा रहे ग्वालियर के अत्याधुनिक एयर टर्मिनल व हवाई अड्डे के शिलान्यास एवं विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की। समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागर विमानन व इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे। गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों ने रिमोट से पट्टिका का अनावरण कर एयरपोर्ट विस्तार कार्य का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ग्रामीण व शहरी आवास योजना के तहत ग्वालियर जिले के कुल 1458 हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया। साथ ही मंच से प्रतीक स्वरूप ग्राम जखारा निवासी श्री हरेन्द्र सिंह भगौरिया व महलगाँव निवासी श्रीमती सीमा सक्सेना को आवास की चाबियाँ भी सौंपी। केन्द्रीय गृह मंत्री ने इस अवसर पर जल जीवन मिशन के तहत 4300 करोड़ रूपए लागत की नल-जल योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।









