पुरानी छावनी सरकारी जमीन घेरकर बसाई जा रही है कलोनी, ग्वालियर हाई कोर्ट की डबल बेंच का बड़ा निर्णय
बिल्लू बादशाह न्यूज़ ग्वालियर।
ग्वालियर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर कॉलोनी विकसित करने के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने बड़ा आदेश दिया है। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने रिट याचिका क्रमांक 10661/2026 में लोटस पार्क परियोजना से जुड़े अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने पूरी परियोजना में निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी है।

मामला पुरानी छावनी क्षेत्र में विकसित की जा रही लोटस पार्क कॉलोनी का है। याचिकाकर्ता चंद्रेश त्यागी ने आरोप लगाया था कि करीब 200 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही इस कॉलोनी में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बाउंड्री वॉल, सड़क और अन्य निर्माण किए गए हैं। इसके अलावा EWS के लिए आरक्षित भूखंडों को महंगी कीमतों पर बेचने और रेलवे लाइन से निर्धारित दूरी के नियमों की अनदेखी करने के आरोप भी लगाए गए थे।
सीमांकन में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिला
हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने 24 जुलाई 2026 को कॉलोनी से जुड़े विभिन्न सर्वे नंबरों का सीमांकन कराया। सीमांकन के दौरान सरकारी नालियों, रास्तों और अन्य सरकारी जमीन पर अतिक्रमण चिह्नित किया गया। प्रशासन की रिपोर्ट में बाउंड्री वॉल, पक्की सड़क, बिजलीघर, मंदिर परिसर और अन्य निर्माण सरकारी जमीन पर होने का उल्लेख किया गया।
नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के मुताबिक सर्वे नंबर 138, 162, 163, 349, 355, 372 और 376 की सरकारी जमीन के हिस्सों पर कॉलोनी से संबंधित निर्माण और अतिक्रमण पाए गए।
कॉलोनाइजरों ने भी स्वीकार किया अतिक्रमण
सुनवाई के दौरान कॉलोनी से जुड़े प्रतिवादी पक्ष ने अपने जवाब में कुछ सरकारी जमीन पर निर्माण होने की बात स्वीकार की। उनके अधिवक्ता ने अदालत में कहा कि सरकारी जमीन पर यदि कोई निर्माण है तो अधिकारी उसे हटा सकते हैं। उन्हें इस पर आपत्ति नहीं होगी और हटाने का खर्च भी वे वहन करेंगे।
हाईकोर्ट ने कहा कि जब प्रतिवादी पक्ष ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और निर्माण की बात स्वीकार कर ली है तथा सीमांकन रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है, तो इस संबंध में अलग से निर्णय की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर को अतिक्रमण हटाने के आदेश
हाईकोर्ट ने ग्वालियर कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि सीमांकन रिपोर्ट में सामने आए सभी अतिक्रमण और निर्माण तत्काल हटाए जाएं। सरकारी जमीन को कॉलोनाइजरों और उनकी फर्म के कब्जे एवं नियंत्रण से मुक्त कराया जाए। इस कार्रवाई का पूरा खर्च संबंधित प्रतिवादी पक्ष को उठाना होगा।
पूरी कॉलोनी का निर्माण कार्य बंद
अदालत ने केवल सरकारी जमीन पर निर्माण रोकने तक आदेश सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरी लोटस पार्क परियोजना में आगे के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि टीएनसीपी द्वारा लेआउट का नए सिरे से परीक्षण और स्वीकृति तथा नगर निगम द्वारा नई भवन निर्माण अनुमति दिए जाने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सकेगा।
टीएनसीपी और नगर निगम करेंगे दोबारा जांच
हाईकोर्ट ने टीएनसीपी और नगर निगम को यह भी जांचने के निर्देश दिए हैं कि कहीं सरकारी जमीन को कॉलोनी के लेआउट में खुली भूमि के रूप में दिखाकर निजी जमीन पर निर्माण की अनुमति तो नहीं ली गई थी। यदि जांच में ऐसा पाया जाता है तो संबंधित लेआउट स्वीकृति और भवन निर्माण अनुमति वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।
12 अक्टूबर तक अतिक्रमण हटाने का आदेश
अदालत ने अतिक्रमण हटाने के लिए 12 अक्टूबर 2026 की समय-सीमा निर्धारित की थी। कलेक्टर को 21 अक्टूबर तक अनुपालन रिपोर्ट और टीएनसीपी तथा नगर निगम को 4 नवंबर 2026 तक पुनः जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट के प्रधान रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
इस आदेश से साफ है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में अब प्रशासन को कार्रवाई करनी होगी। साथ ही कॉलोनी के स्वीकृत लेआउट और भवन निर्माण अनुमतियों की वैधता भी जांच के दायरे में आ गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और निर्माण होने तक संबंधित विभागों के अधिकारी क्या कर रहे थे? क्या कॉलोनी का लेआउट और निर्माण अनुमति जारी करने से पहले सरकारी जमीन का रिकॉर्ड और मौके की स्थिति जांची गई थी?












