सड़कों की गुणवत्ता का मामला: ग्वालियर स्मार्ट सिटी के CEO को हाईकोर्ट में पक्षकार बनाने की तैयारी, 7 दिसंबर को होगी सुनवाई

0
9

NHAI ने हाईकोर्ट में पेश किया विस्तृत जवाब, सभी पक्षकारों को 30 नवंबर तक देनी होगी प्रति

सिटी रिपोर्टर। ग्वालियर की सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण से जुड़े मामले में अब स्मार्ट सिटी ग्वालियर को भी पक्षकार बनाया जा सकता है, याचिकाकर्ता के अधिवक्ता अवधेश सिंह तमर ने स्मार्ट सिटी की सड़क का भी मामला उठया। सड़कों की गुणवत्ता से जुड़ी जनहित याचिका पर  मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में 26 नवंबर को महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) सहित संबंधित पक्षों को जवाब की प्रतियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


यह मामला रिट याचिका क्रमांक 10680/2025, कैलाश चंद अग्रवाल बनाम मध्य प्रदेश शासन एवं अन्य से संबंधित है।
सुनवाई के दौरान न्यायालय को बताया गया कि NHAI ने अपना विस्तृत जवाब दाखिल कर दिया है, लेकिन इसकी प्रति अन्य प्रतिवादियों और आयोग को उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर प्रतिवादी क्रमांक 6 की ओर से अधिवक्ता संकल्प शर्मा ने आश्वासन दिया कि 30 नवंबर 2026 तक सभी संबंधित पक्षकारों को जवाब की पूरी प्रति उपलब्ध करा दी जाएगी।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता रविंद्र दीक्षित ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में सरकार की ओर से भी जवाब दाखिल किया जा चुका है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि इसकी प्रति सभी संबंधित पक्षकारों और आयोग को नहीं दी गई है। उन्होंने भी 30 नवंबर तक जवाब की प्रतियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

स्मार्ट सिटी के CEO को पक्षकार बनाने का आवेदन

इस सुनवाई का एक महत्वपूर्ण पहलू ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ को मामले में पक्षकार बनाए जाने से जुड़ा रहा। याचिकाकर्ता ने आवेदन क्रमांक 14728/2026 दाखिल कर स्मार्ट सिटी के सीईओ को प्रतिवादी क्रमांक 7 बनाने की मांग की है।
न्यायालय को बताया गया कि स्मार्ट सिटी का अपना स्वतंत्र अधिवक्ता पैनल है, लेकिन चूंकि स्मार्ट सिटी राज्य सरकार के नियंत्रण में है, इसलिए अतिरिक्त महाधिवक्ता का कार्यालय इस आवेदन की प्रति स्मार्ट सिटी के सीईओ को उपलब्ध कराएगा।
हाईकोर्ट ने स्मार्ट सिटी के सीईओ को जवाब दाखिल करने के लिए सात दिन का समय दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि स्मार्ट सिटी की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया जाता है तो यह माना जाएगा कि उसे पक्षकार बनाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है और याचिकाकर्ता का आवेदन बिना विरोध के स्वीकार किया जा सकता है।
7 दिसंबर को अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने स्मार्ट सिटी के सीईओ को पक्षकार बनाने संबंधी आवेदन पर विचार करने और पूरे मामले की अगली सुनवाई के लिए 7 दिसंबर 2026 की तारीख निर्धारित की है।
अब इस मामले में NHAI, राज्य सरकार और स्मार्ट सिटी की ओर से दाखिल जवाब तथा आयोग की भूमिका पर आगे की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी।

LEAVE A REPLY