23 हजार की घूस लेने वाले AE और JE को चार-चार साल की सजा

0
3

आठ साल पहले बिजली चोरी का केस न बनाने के एवज में ली थी रिश्वत, दोषी करार
​ग्वालियर। विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम ने बिजली चोरी का मामला दर्ज न करने के बदले रिश्वत लेने के आठ साल पुराने मामले में बिजली कंपनी के दो अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने दोनों को चार-चार साल की सजा सुनाई।

​अभियोजन के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेन्द्र साहू के लश्कर स्थित न्यू शांति नगर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान पर निरीक्षण के दौरान मजदूरों द्वारा खंभे से सीधे तार डालकर बिजली जलाने की बात सामने आई थी। आरोप था कि बिजली चोरी का प्रकरण न बनाने तथा 60 से 65 हजार रुपए का संभावित बिल बनाने से बचाने के एवज में लक्ष्मीगंज जोन के सहायक यंत्री रोहित सेंगर और कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने 5 जनवरी 2018 को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद बातचीत रिकॉर्ड की गई और राशि घटकर 23 हजार रुपए तय हुई।
​
2018 में लोकायुक्त ने दोनों अधिकारियों को किया था ट्रैप
​लोकायुक्त टीम ने 6 जनवरी 2018 को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने कार्यालय कक्ष में मौजूद अधिकारियों के निर्देश पर 2,000 रुपए के 11 नोट और 500 रुपए के 2 नोट सहायक यंत्री के बगल में रखी खाली टेबल की ऊपरी दराज में रखे कागज पर रख दिए। इशारा मिलते ही टीम ने दबिश दी, नोट बरामद किए और रासायनिक परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर प्रकरण दर्ज किया। ​सुनवाई के दौरान फरियादी के पक्षद्रोही होने और बचाव पक्ष द्वारा बकाया बिल विवाद व क्षेत्राधिकार के तर्क रखने के बावजूद न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों, वॉयस रिकॉर्डिंग की ट्रांसक्रिप्ट, सीडी तथा लोकायुक्त टीम व पंचसाक्षियों के कथनों के आधार पर दोनों आरोपियों को दोषी माना। अदालत ने कहा कि सरकारी कार्यालय में आरोपियों के नियंत्रण वाले कक्ष में बिना अनुमति या जानकारी के दराज में रिश्वत की राशि नहीं रखी जा सकती।
​
चार-चार साल का सश्रम कारावास
​अदालत ने अनूप कुमार और रोहित सेंगर को भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी, 420 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संबंधित धाराओं में दोषी ठहराते हुए अधिकतम चार-चार वर्ष के सश्रम कारावास और 24-24 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी और अपील अवधि समाप्त होने के बाद रिश्वत की 23 हजार रुपए की राशि फरियादी को लौटाने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY