जिले में समारोहपूर्वक मना मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस
ग्वालियर।
देश के हृदय में स्थित मध्यप्रदेश तेजी के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, हर घर नल से जल, महिलाओं का सशक्तिकरण, जरूरतमंदों को पक्के घर और महिला सशक्तिकरण सहित विकास के सभी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास के कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। इस आशय के विचार जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बाल भवन में आयोजित हुए जिला स्तरीय समारोह में व्यक्त किए। उन्होंने इस अवसर पर आह्वान किया कि स्वच्छ, शिक्षित एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिये सभी लोग एकजुट होकर काम करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी मध्यप्रदेश स्थापना दिवस जन उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। स्थापना दिवस पर यहाँ बाल भवन में आयोजित हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं अन्य अतिथिगणों ने प्रधानमंत्री स्व-निधि, आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, मुख्यमंत्री घरेलू कामकाजी महिला कल्याण योजना तथा सरकार की अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत लगभग डेढ़ दर्जन हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप सहायता राशि एवं हितलाभ वितरित किए। कार्यक्रम में लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, नगर निगम के सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर व मदन कुशवाह तथा सर्वश्री प्रदीप जैन, अशोक जैन, आशीष प्रताप सिंह राठौड, विनोद शर्मा व पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता सहित नगर निगम के पार्षदगण व अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।









