हरियाणा में 7 हजार प्रोफेसर और पीजीटी अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

0
151

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि उन्होंने एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीति दायित्व निभाते हुए समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है और प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार के अब तक के 8 साल के कार्यकाल से पूर्ण रूप से संतुष्ट है। वे सेक्टर 1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बदलाव के 8 साल कार्यक्रम में बोल रहे थे।

 हरियाणा में 7 हजार प्रोफेसर और पीजीटी अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

उन्होंने कहा इन 8 सालों में जहां भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया गया है, वहीं अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र की शुरूआत की गई है। जिसमें परिवार को एक इकाई माना गया है। प्रदेश के 68 लाख परिवारों का डाटा सत्यापित किया जा चुका है। इसमें सबसे पहले निम्न आय वर्ग के परिवारों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहाकि प्रदेश में बेटियों की उच्च शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रदेशभर में 71 नए कॉलेज खोले गए हैं। इनमें 30 से अधिक महिला कॉलेज हैं। मनोहरलाल खट्टर ने कहाकि उनकी घोषणा के अनुरूप प्रत्येक 20 किलोमीटर के दायरे में महिला या को-एड कालेज खोले गए हैं। ताकि हमारी बेटियों को 10 किलोमीटर से अधिक का सफर तय न करना पड़े। उन्होंने कहाकि केवल 8-10 स्थान ही बचे हैं। जहां पर कॉलेज खोले जाने हैं और इसके लिए मैपिंग करवाई जा रही है। उन्होंने कहा स्कूल और कालेजों में अध्यापकों की मांग को पूरा करने के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 7 हजार प्रोफेसर और पीजीटी अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और इसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।

मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि पूर्वर्ती सरकारों में मुख्यमंत्रियों द्वारा विकास में भेदभाव किया जाता था। केवल अपने जिलों के विकास को ही प्राथमिकता दी जाती थी। परंतु उन्होंने सबका साथ-सबका विकास के ध्येय पर कार्य करते हुए पूरे प्रदेश का समान विकास किया है। इससे ऊपर उठ कर उन्होंने उन क्षेत्रों में अधिक विकास करवाया गया जो किन्हीं कारणों से विकास के मामले में पिछड़ गए थे।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खनगवाल समेत कई लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY