स्मार्ट रोड परियोजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यो का स्मार्ट सिटी सीईओ नें औचक निरीक्षण कर संबंधित निर्माण एजेंसी के उच्चअधिकारियो की ली बैठक
ग्वालियर।
स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नीतू माथुर नें शनिवार को स्मार्ट रोड परियोजना के अंतर्गत किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एजेंसी द्वारा किये जा रहे कार्यो में कई कमियां मिलने पर सीईओ श्रीमती माथुर ने तुरन्त संज्ञान लेते हुये संबंधित निर्माण एजेंसी के उच्चअधिकारियो की बैठक लेकर उन्हे स्मार्ट रोड परियोजना से संबंधित सभी प्रगतिरत निर्माण कार्यो को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिये चेतावनी दी। श्रीमती माथुर ने संबंधित निर्माण एजेंसी पर कार्य मे लापरवाही बरतने पर सोमवार से पेनल्टी की रकम बढाने के लिये भी संबंधित अधिकारियो को निर्देशित किया। निरीक्षण व बैठक में निर्माण एजेंसी व स्मार्ट सिटी के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में श्रीमती माथुर ने अधिकारियो को चेतावनी देते हुये निर्देशित किया कि स्मार्ट रोड परियोजना में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दास्त नही किया जायेगा और स्मार्ट रोड परियोजना के लिये जो वरिष्ठ अधिकारियो द्वारा समयसारणी तय की गई है उसी के अनुरुप कार्य को समय सीमा मे गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाये।
श्रीमती माथुर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कडी चेतावनी देते हुये निर्देशित किया वह निर्माण स्थल पर श्रमिको और निर्माण मशीन की पर्याप्त संख्या बढाये वही तय समयसारणी के अनुसार प्रगतिरत कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय सीमा मे पूरा करे।
पेनल्टी 10 से बढ़ाकर कर दी 15 हजार
श्रीमती माथुर नें स्मार्ट सिटी के अधिकारियो को संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा तय समयसारणी अनुसार कार्य न पाये जाने पर सोमवार से पेनल्टी 10 हजार से बढाकर 15000 रुपये करने के लिये भी निर्देशित किया। बैठक में श्रीमती माथुर ने राजपायगा रोड के दोनो तरफ के बचे हिस्सो को भी तेज गति से करवाये जाने के लिये एलएनटी कंपनी के अधिकारियो को निर्देशित किया। वही महाराज बाडा पर मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण कार्य को भी श्रमिको की संख्या बढाकर दिन रात तेजगति से कार्य पूर्ण करने के लिये निर्देशित किया। इसके साथ ही संबंधित आधिकारियो को निर्देश दिए कि प्रतिदिन कार्य की मॉनीटरिंग कर रिपोर्ट दें। और यदि एजेंसी द्वारा कार्य मे किसी भी प्रकार की लापरवाही पायी जाये तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्यवाही कर एलएनटी के हेड आँफिस के उच्चाधिकारियो को भी पत्राचार कर इस बाबत अवगत कराये।












