मुख्यमंत्री की सख्ती भी हवा में उड़ाई, पार्षद पति बैठे मंच पर

0
396

वार्ड 65 के अंतर्गत अजयपुर में लगा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत मेगा शिविर

ग्वालियर।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सख्त हिदायत को उनकी ही पार्टी के नेता ठोकर मार रहे हैं। नजारा गुरुवार को वार्ड 65 के अजयपुर में देखने को मिला। वहां मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत शिविर लगाया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यानिकी मंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत कुशवाह थे और अध्यक्षता क्षेत्रीय पार्षद गीता भूपेन्द्र कुशवाह को करना थी, लेकिन मंच पर पार्षद के बजाय उनके पति भूपेन्द्र बैठे और उन्होंने ही मंत्री के साथ लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र व राहत राशि के चेक प्रदान किये।

हम बता दें कि मुख्यमंत्री ने दो टूक कह दिया था कि जो जनप्रतिनिधि है वही मंच पर बैठेगा और सरकारी आयोजनों में मंच साझा करेगा। अक्सर देखा जाता है कि महिला के बजाय उनके पति या परिजन मंच पर बैठते हैं। मुख्यमंत्री की इस हिदायत का कोई असर नहीं हो रहा है।

250 आवेदनों का निराकरण

राज्य एवं केन्द्र सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ एक-एक हितग्राही तक पंहुचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के रूप में अब तक का सबसे बडा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 33 योजनाओं के सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने इसी उददेश्य के साथ यह अभियान शुरू किया है। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह ने कही। श्री कुशवाह शहर के वार्ड-65 के अंतर्गत अजयपुर मे आयोजित हुए मेगा शिविर में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित कर रहे थे।
नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय 24 के अंर्तगत वार्ड 65 ग्राम अजयपुर में आयोजित इस मेगा शिविर में 410 अवेदन हिताग्राहियों द्वारा दिए गए जिसमें से लगभग 250 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने निर्देश दिए कि शेष आवेदनों का निराकरण भी निर्धारित समय-सीमा में कर दिया जाए। इसकी सूचना संबंधित आवेदकों को देकर हितलाभ भी समय से उपलब्ध करा दिए जाएँ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती गीता भूपेन्द्र सिंह, एसडीएम  विनोद सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम मुकुल गुप्ता व उपायुक्त डॉ. अतिबल सिंह यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मेगा कैम्प को संबोधित करते हुए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कुशवाह ने कहा कि वार्ड 65 काफी बडा वार्ड है इसलिए इस वार्ड में 3 स्थानों अजयपुर, वीरपुर एवं गिरवाई में कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को परेशानी न हो। श्री कुशवाह ने कहा कि अजयपुर में उप स्वास्थ्य केन्द्र भी शीघ्र बनेगा और चांदबाडी पहाडी पर आंगनबाडी केन्द्र भी बनेगा, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को काफी सुविधा होगी।
वार्ड 65 में 19 अक्टूबर, गिरवाई में 20 अक्टूबर, वार्ड 61 खुरैरी में 22 अक्टूबर, वार्ड 65 वीरपुर में 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत शिविर लगेंगे। इसी तरह  वार्ड 64 पुरानी छावनी में भी मैगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY