ग्वालियर शहर के मोती महल स्थित श्रम व औद्योगिक न्यायालय की दो खंडपीठों में चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। खास बात यह है कि कोर्ट में हुई चोरी में कोई रुपए पैसे अथवा कीमती चीज नहीं गई है लेकिन दस्तावेज और फाइल गायब है। खंडपीठ के न्यायाधीश की शिकायत पर पड़ाव पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं ।यह मामले श्रम न्यायालय एक और दो में हुई अलग-अलग वारदातों में दर्ज किए गए हैं। पता चला है कि वारदात में श्रम न्यायालय से महत्वपूर्ण फाइलें और सरकारी दस्तावेज गायब किए गए हैं ।इसके पीछे अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी जानकार और कोर्ट के काम में हस्तक्षेप रखने वाले व्यक्ति का इस वारदात में हाथ हो सकता है ।क्योंकि जिस तरह से फाइल और दस्तावेज गायब किए गए हैं वह यहां लंबित प्रकरणों में सुनाए जाने वाले फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं। पुलिस ने इस मामले में गंभीरता से जांच पड़ताल कर जल्द ही वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।

घटना तीन दिन पुरानी बताई गई है लेकिन कार्यालय को इस घटना का बाद में पता चला जब कुछ फाइलों की खोजबीन की गई ।तब अलमारी और खिड़की के कांच टूटे हुए मिले। इसके बाद दस्तावेज और फाइल चेक हुई तब इस चोरी का पता चला ।इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई पड़ाव पुलिस में फिलहाल चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है ।












