अवैध निर्माण एवं अनुमति के विपरीत निर्माण पर भवन अधिकारी करें कार्यवाही
ग्वालियर ।
भवन अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में अवैध निर्माण को चिन्हित करें और सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में अवैध निर्माण न हो। इसके साथ ही यदि कहीं अवैध कॉलोनी निर्माण अथवा प्लानिंग की जा रही है तो तत्काल प्रभावी कार्यवाही करें। इसके साथ ही भवन अनुज्ञा की डीम्ड परमिशन की सूची कल तक दें। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने कॉलोनी सेल एवं भवन शाखा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।

बाल भवन के टीएलसी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सिटी प्लानर श्री सुरेश अहिरवार सहित सभी भवन अधिकारी एवं कॉलोनी सेल के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निगमायुक्त ने भवन अनुज्ञा की विस्तार से जानकारी ली तथा डीम्ड परमिशन को लेकर निर्देष दिए कि अभी तक जितनी भी डीम्ड परमिशन जारी की गई है। उनकी सूची दें ताकि उनकी जांच कराई जा सके। इसके साथ ही भवन निर्माण की कंपाउंडिंग की जानकारी ली और कॉलोनी विकास के संबंध में चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने बैठक में सभी भवन अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध निर्माण की जो भी शिकायतें आ रही है, उन्हें गंभीरता से परीक्षण करें और नियमानुसार शिकायत पर कार्यवाही करें। इसके साथ ही अपने क्षेत्र में यह भी चेक करे कि कहीं भी अवैध रूप से प्लॉटिंग न हो रही हो और अवैध निर्माण को चिन्हांकित कर आवश्यक कार्यवाही करें। इसके साथ ही यह भी निर्देष दिए कि सीएंडडी वेस्ट को लेकर निरीक्षण करे तथा यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी सीएंडडी वेस्ट न पड़ा हो और सीएंडडी वेस्ट पर जुर्माने की कार्यवाही करें। इसके साथ ही भवन अधिकारी और भवन निरीक्षक यह भी निरीक्षण करें कि भवन अनुमति के विपरीत निर्माण कार्य न हो तथा रहवासी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित न हो। इसके साथ ही कॉलोनी विकास सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।












