Rahul Gandhi Yatra: वृद्ध और किशोरी को ठोकर मार आगे निकल गया राहुल का काफिला, सड़क पर तड़पता छोड़ा
संवाद सूत्र, गेराबाड़ी (कटिहार)। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के क्रम में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर राहुल गांधी के काफिले में शामिल वाहन की ठोकर से युवती और वृद्ध समेत दो लोग जख्मी हो गए। जुराबगंज में सड़क पार कर रहे महेश यादव (60) को राहुल गांधी के काफिले में शामिल वाहन से ठोकर लग गई।
हादसे में महेश बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया की ठोकर मारने के बाद वाहन वृद्ध को तड़पता छोड़कर आगे निकल गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस बल के सहयोग से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टर ने वृद्ध को पूर्णिया रेफर कर दिया।
वहीं, चेथरियापीर से राहुल का काफिला गेड़ाबाड़ी की ओर जा रहा था। इसी बीच महिनाथपुर निवासी राणा कुमार अपनी बहन उपमा कुमारी (22) के साथ बाइक से गेड़ाबाड़ी की ओर जा रहे थे। राहुल गांधी के काफिले में शामिल वाहन की ठोकर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उपमा घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

मंगलवार अपराह्न बाद करीब पांच बजे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राहुल गांधी पूर्णिया से एनएच 31 होते हुए कटिहार के कोढ़ा पहुंचे। गेराबाड़ी से एनएच 81 होकर खेरिया विश्राम स्थल पहुंचे। जिले के प्रगतिशील किसान ललित चौधरी के फार्म हाउस में बनाए गए कंटेनर में रात्रि विश्राम किया।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। बुधवार सुबह राहुल गांधी जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। मिरचाईबाडी हनुमान मंदिर में पूजा करने का कार्यक्रम भी है











