भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा जी, कमल नाथ को करप्शन नाथ कहने से पहले इन सवालों पर गौर कर लीजिये

0
94

हरीश चन्द्र कुशवाह, ग्वालियर

राजनीति अजब गजब का खेल है। अभी आप जिन्हें सुन रहे थे वे हैं दूसरी बार के सांसद और मप्र के ताकतवर प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा। वे हमेशा धांसू बोलते हैं, बोलें भी क्यों न, क्योंकि हैं तो चंबल का खून। पिछले 20 साल में केवल डेढ़ साल के लिए कमल नाथ की सरकार क्या बनी, मानो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपाइयों की झोली में खजाना उड़ेल दिया। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होते ही सिंधिया ने कमल नाथ को करप्शन नाथ और दिग्विजय सिंह को मिस्टर बंटाधार का अवार्ड दे दिया। अब इसी कदम पर वीडी शर्मा चल पड़े हैं। वे कमल नाथ को करप्शन नाथ कहते थकते नहीं हैं।

शर्मा जी, जनता अब यह जानने को आतुर है कि सत्ता आपकी, जांच एजेन्सियां आपकी, फिर करप्शन नाथ कमल नाथ अब तक जेल की सलाखों में क्यों नहीं पहुंचे। फिर क्या आप जनता के सामने जुमले बाजी तो नहीं कर रहे।

शर्मा जी, मप्र में आपकी सरकार को 20 बरस हो गये। चंद चार उदाहरण आपके सामने हैं जिन्हें आप अच्छी तरह से जानते, समझते हैं।

-पहला यह कि विद्यार्थी परिषद के समय से आपकी ज्यादातर राजनीति शिक्षा पर केन्द्रित रही है। अकेले जीवाजी यूनिवर्सिटी का ही उदाहरण लें तो 17 टीचरों की भर्ती में हुए घोटाले के दाग अब तक साफ नहीं हो सके हैं। पूर्व कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के समय ऑडिटोरियम घोटाला, स्विमिंग पूल घोटाला सुर्खियों में रहा फिर भी संगीता शुक्ला मेरठ की कुलपति बन गईं।

-ग्वालियर स्मार्ट सिटी को केन्द्र व राज्य सरकार ने एक हजार करोड़ रुपए दिये हैं। इसमें घोटाले के आरोप कांग्रेस ने नहीं बल्कि आपके ही नगर निगम के पार्षदों ने जड़ दिये हैं। और स्मार्ट सिटी के सभी प्रोजेक्ट्स की जांच ईडी से कराने का निर्णय नगर निगम परिषद ले चुकी है।

-ग्वालियर नगर निगम में आउटसोर्स घोटाला हुआ, लेन देन के सबूत भी उछले फिर भी मामला फाइलों में दब गया।

-राज सिक्योरिटी, सेंगर सिक्योरिटी के पीएफ घोटालों के बंडल बंधे रखे हैं, वे खुलने की बाट जोह रहे हैं।

-राजू कुकरेजा, मनीष वर्मा जैसे भू-माफिया प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष रूप से आपकी पार्टी का झंडा लिये घूम रहे हैं।

अकेले ग्वालियर से जुड़े ये चंद उदाहरण हैं जो करप्शन नाथ की परिभाषा बदलने का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इन उदाहरणों से जुड़े आरोपों के दाग आपकी वाशिंग मशीन जल्द साफ कर देगी।

LEAVE A REPLY