योजना के तहत सरकार अजजा. के युवाओं को स्वरोजगार के लिए देती है गारंटी फीस
ग्वालियर 15 मार्च 2023 अनुसूचित जन जाति वर्ग के हितग्राहियों को स्वरोजगारमूलक इकाई स्थापित करने के लिये सरकार के आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना संचालित है। इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक जिले के अनुसूचित जन जाति के अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.mp.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत जिले में अनुसूचित जन जाति के 47 युवाओं को लाभान्वित कराने का लक्ष्य है।

टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत अनुसूचित जन जाति वर्ग के हितग्राहियों को सभी प्रकार के स्वरोजगार के लिये 10 हजार रूपए से एक लाख रूपए तक की इकाई के लिये आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी इस योजना का लाभ लेने के लिये आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत हितग्राहियों को बैंक द्वारा वितरित और शेष ऋण पर 7 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से पाँच वर्षों तक नियमित रूप से ऋण भुगतान करने वाले अभ्यर्थियों को ब्याज गारंटी दी जाती है। विस्तृत जानकारी के लिये शारदा विहार कॉलोनी सिटी सेंटर स्थित जनजातीय कार्य विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।












