एसपी ग्वालियर के निर्देश पर हाईवे किनारे सीसीटीवी लगवाने वालों का पुलिस रात्रि गश्त के दौरान कर रही है सम्मान

0
104

ग्वालियर – घाटीगाँव अनुभाग में सिमरिया मोड़ पर कुछ दिन पूर्व लूट की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस को सिमरिया मोड़ से मोहना के मध्य एक भी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ नहीं मिला, जिससे कि उक्त लूट की घटना के संबंध में कोई जानकारी मिल सके जबकि लुटेरों ने लूट की घटना कारित करने के बाद यही रास्ता अपनाया था। उक्त लूट की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने एसडीओपी घाटीगाँव संतोष पटेल को हाइवे किनारे सीसीटीवी लगवाने के लिए निर्देशित किया। एसडीओपी घाटीगाँव संतोष पटेल एवं थाना प्रभारी घाटीगाँव शैलेन्द्र सिंह घुरैया द्वारा प्रत्येक ढाबे वाले को सीसीटीवी लगवाने के लिए आग्रह किया गया।

पुलिस द्वारा किये गये आग्रह पर कुबेर ढाबा के मालिक अनूप सिंह राठौर द्वारा नाईट विजन के 2 कैमरे ढाबा कैंपस के बाहर हाईवे किनारे लगवाए गए। घाटीगांव पुलिस एसडीओपी के नेतृत्व में जब दिनांक 14.05.2023 की रात्रि 12 बजे गश्त में निकली तो ढाबा मालिक को बाहर बुलाया पुलिस की संख्या देख ढाबे का संचालक परेशान दिखा लेकिन जैसे ही पुलिस उसके लिए ताली बजाने लगी, माला पहनाने लगी, शाल देने लगी, स्मृति चिन्ह से सम्मानित करने लगी तो उसे कुछ समझ में नहीं आया कि इतनी रात में ये क्या हो रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी लगवाने के लिए धन्यवाद दिया तब संचालक को अपने किये हुए कार्य पर गर्व महसूस हुआ। ढाबा मालिक का शाल, श्रीफ़ल व फूल माला से सम्मानित किया ताकि अन्य ढाबे वाले प्रेरणा लेकर सीसीटीवी लगवायें।

पुलिस द्वारा ढाबा संचालकों को साफ हिदायत दी है कि जो भी ढाबा मालिक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाएंगे और डीजल चोरी जैसी घटना होगी तो प्रथम दृष्टया संचालक को भी जिम्मेदार मानकर आपराधिक प्रकरण में आरोपी माना जायेगा।

LEAVE A REPLY