सिटी रिपोर्टर ग्वालियर !
ग्वालियर जिले में भी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों एवं नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची तैयार की जा रही हैं। बुधवार को अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूचियों के संबंध में 08 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक प्राधिकृत कर्मचारियों के माध्यम से दावे आपत्तियां प्राप्त की जायेंगीं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्राधिकृत कर्मचारी नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर एवं जनपद पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त किये गये हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती भूमिजा सक्सेना ने बैठक में जानकारी दी कि कोई भी व्यक्ति
इन दिवसों में वार्ड स्तर / ग्राम पंचायत स्तर पर पहुँचकर मतदाता सूची में अपने नाम की अध्यतन जानकारी ले सकता है। साथ ही किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर वह निर्धारित फार्म में अपना दावा व आपत्ति दर्ज करा सकता है।
दावा आपत्ति दिवसों में निर्धारित फार्म प्राधिकृत कर्मचारियों के पास निशुल्क उपलब्ध रहेंगे। मतदाता को फार्म प्रस्तुत करते समय फार्म में उल्लेखित दस्तावेज की प्रति संलग्न की जाना आवश्यक है। मतदाता अपना नाम नगरीय निकायों / पंचायतों की मतदाता सूची में खोजने के लिये https://mpsecerms.mp.gov.in/SECSearch Engine लिंक का प्रयोग भी कर सकते है। नाम जुड़वाने व त्रुटियां सुधरवाने के प्रारूप स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व त्रुटियां सुधरवाने के संबंध में निर्धारित फॉर्म के बारे में भी जानकारी साझा की गई। जिन प्रारूप फॉर्म के बारे में बताया गया, उनकी जानकारी इस प्रकार है –
ER-1 : इस फार्म का उपयोग नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाया जा सकता है। ER-2 : इस फार्म का उपयोग नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत की मतदाता सूची में अपना नाम संशोधन कराने बावत् किया जाता है। ER-3 : फार्म का उपयोग नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत की मतदाता सूची में अपना अथवा किसी अन्य
मतदाता का नाम हटाने बावत् उपयोग किया जाता है। यह है जिले में निकायवार मतदाताओं की संख्या
वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रकाशित की गई प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार ग्वालियर नगर पालिक निगम में कुल मतदाताओं की संख्या 11 लाख 44 हजार 575 है, जिसमें 5 लाख 98 हजार 23 पुरुष, 5 लाख 46 हजार 492 महिला व 60 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार नगर पालिका डबरा में कुल एक लाख 13 हजार 310 मतदाता हैं, जिनमें 58 हजार 492 पुरुष, 54 हजार 363 महिला व 5 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। नगर परिषद आंतरी के कुल 8 हजार 517 मतदाताओं में 4 हजार 422 पुरुष व 4 हजार 95 महिला मतदाता, नगर परिषद भितरवार के कुल 16 हजार 908 मतदाताओं में 8 हजार 700 पुरुष, 8 हजार 204 महिला मतदाता व 4 अन्य मतदाता, नगर परिषद बिलौआ के कुल 12 हजार 736 में 6 हजार 552 पुरुष व 6 हजार 184 महिला मतदाता, नगर परिषद मोहना के कुल 16 हजार 319 मतदाताओं में 8 हजार
280 पुरुष, 8 हजार 37 महिला व 2 अन्य मतदाता एवं नगर परिषद पिछोर के कुल 11 हजार 440 मतदाताओं में 5 हजार 734 पुरुष, 5 हजार 704 महिला व 2 अन्य मतदाता शामिल हैं।
जनपद पंचायत भितरवार के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में कुल मतदाताओं की संख्या एक लाख 51 हजार 468 है, इनमें 79 हजार 256 पुरुष, 72 हजार 211 महिला व एक अन्य मतदाता शामिल है।
जनपद पंचायत डबरा के कुल एक लाख 33 हजार 28 मतदाताओं में 69 हजार 935 पुरुष, 63 हजार 91 महिला व 2 अन्य मतदाता, जनपद पंचायत घाटीगाँव के कुल एक लाख 13 हजार 102 मतदाताओं में 59 हजार 542 पुरुष, 53 हजार 557 महिला व 3 अन्य मतदाता एवं जनपद पंचायत मुरार के कुल एक लाख 14 हजार 309 मतदाताओं में 61 हजार 635 पुरुष, 52 हजार 671 महिला व 3 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जिले के सभी नगरीय निकायों व जनपद पंचायतों में प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल मिलाकर 18 लाख 35 हजार 712 मतदाता हैं, इनमें 9 लाख 61 हजार 21 पुरुष, 8 लाख 74 हजार 609 महिला व 82 अन्य मतदाता शामिल हैं।












