“महाराज का बाड़ा और महल” के सामने होर्डिंग्, फ्लैक्स, कटआउट, पोस्टर…सब कुछ प्रतिबंधित

0
175
महापौर डॉ. सिकरवार की अध्यक्षता में आयोजित हुई मेयर इन काउंसिल की बैठक, लिए गए अनेक निर्णय
विशेष संवाददाता, ग्वालियर।
महाराज के बाड़ा यानी महाराज बाड़ा और महाराज का महल जयविलास पैलेस के सामने मांढरे की माता तक करीब 300 करोड़ की बजट मद से बनाया राजपथ (थीम रोड) हेरिटेज लुक में रखा जाएगा। इन स्थानों पर नवीन होर्डिंग, यूनीपोल, पोस्टर, फ्लेक्स, कटआउट, विज्ञापन से सम्बन्धित समस्त संसाधन प्रतिबंधित कर दिये गए हैं। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने इसका प्रस्ताव मेयर इन कांउसिल (एमआईसी) में भेजा था। बुधवार को महापौर डॉ.शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में आयोजित एमआईसी की बैठक में आयुक्त के इस प्रसातव पर मुहर लगा दी।
चंबल नदी और कोतवार डैम 458 करोड़ में आएगा पानी 
ग्वालियर शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए चम्बल नदी से 90 एम.एल.डी. एवं कोतवार बांध से 60 एम.एल.डी. पानी को वाटर ट्रीटमेन्ट प्लान्ट्स तक पम्पिंग कर लाया जाएगा। इस पर 458 करोड़ की राशि खर्च होगी। अमृत 2.0 योजना के तहत यह राशि खर्च की जाएगी। तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया के बाद ज्वाइंट वेंचर निविदाकार इनविराड प्रोजेक्ट प्रा. लि. को यह कार्य दे दिया गया। संबंधित कंपनी कार्य पूर्ण होने के उपरान्त 05 वर्ष तक संचालन व संधारण का कार्य भी करेगी।
यह भी हुए निर्णय
-गालव विश्रांति गृह में लाईट, टेण्ट, साउण्ड का ठेका दिये जाने हेतु नवीन ऑफसेट राशि 40 लाख रूपये प्रतिवर्ष निर्धारित करने एवं 03 वर्ष हेतु विभागीय शर्तों पर ऑफर आमंत्रित किये जाने की स्वीकृति हेतु निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत स्वीकृति दी गई।
-वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए ठेका पेड पार्किंग, ठेका रेता, भूसा, गिट्टी, पत्थर, ठेका अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड, झांसी रोड बस स्टेण्ड अनुरक्षण शुल्क वसूली हेतु ऑफसेट, डिपोजिट निर्धारित करते हुए पार्किंग स्थलों के लिए 03 वर्ष के लिए ऑफर आमंत्रण किये जाने की स्वीकृति हेतु निगमायुक्त के प्राप्त प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई।
-निगम के कार्यशाला विभाग में वाहन मरम्मत उपरान्त पुराने मोटर पार्ट्स, लोहा स्क्रेप, टायर ट्यूब, जला हुआ ऑयल, रेडिएटर, जनकार्य विभाग में उपलब्ध लोहे एवं प्लास्टिक के खाली ड्रम, पी.एच.ई. विभाग से प्राप्त पुरानी मोटर्स एवं अन्य स्क्रेप जिसकी नीलामी योग्य अनुमापन राशि रुपये 40,69,991 की नगर निगम से अनुबंधित भारत सरकार की फर्म एम.एस.टी.सी. लिमिटेड के माध्यम से नीलाम किये जाने हेतु निगमायुक्त के प्राप्त प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई।
-कार्यशाला विभाग के 192 कंडम वाहन जिसकी नीलामी योग्य अनुमापन राशि रुपये 1,85,64,100/- की नगर निगम से अनुबंधित भारत सरकार की फर्म एम.एस.टी.सी. लिमिटेड के माध्यम से नीलाम किये जाने हेतु निगमायुक्त के प्राप्त प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में मेयर इन कांउसिल सदस्य अवधेश कौरव, श्रीमती सुनीता अरूणेश कुशवाह, नाथूराम ठेकेदार, श्रीमती लक्ष्मी सुरेश गुर्जर, श्रीमती गायत्री सुधीर मण्डेलिया विनोद माठू यादव, श्रीमती उपासना संजय यादव, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, विजयराज, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, उपायुक्त अनिल दुबे सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY