अटल सभागार में 23 से शुरू होगा अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव
ग्वालियर। अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव इस बार जीवाजी विश्वविद्यालय की संगठन व्यवस्था में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो.जेएन गौतम एवं रेक्टर प्रो. डी एन गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 23 फरवरी से 25 फरवरी तक जेयू के अटल सभागार सहित चार स्थानों पर होगा।इस तीन दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ जेयू के अटल सभागार में सुबह 11: 30 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो.अरविंद कुमार शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में होगा। अध्यक्षता जेयू के कुलगुरू प्रो.अविनाश तिवारी करेंगे।

इस अन्तर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में मध्य प्रदेश राज्य के 15 से अधिक विश्वविद्यालयों के प्रतिभागी, संगतकार, दल प्रभारी भाग लेंगे।कार्यक्रम में 11 विश्वविद्यालयों के 700 प्रतिभागी सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं चित्रकला की विभिन्न 22 विधाओं में अपनी कला-कौशल का प्रदर्शन करेंगे।सांस्कृतिक, साहित्यिक व चित्रकला की विभिन्न 22 विधाएँ जेयू के पांच अलग-अलग स्थानों जैसे गालव सभागार,अटल सभागार,ऑपन थियेटर मंच एवं आर्ट गैलरी में आयोजित होंगी।23 फरवरी को सुबह 9 बजे विवेकानन्द पार्क से अटल सभागार तक सांस्कृतिक रैली निकालकर प्रतिभागी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलाधिसचिव प्रो.डीएन गोस्वामी, प्रो.आईके पात्रो, प्रो.एसएन मोहपात्रा, प्रो.मुकुल तेलंग, प्रो.महेंद्र गुप्ता,डॉ.विमलेन्द्र सिंह राठौर उपस्थित रहे।












