ग्वालियर – दक्षिण से कांग्रेस पार्टी के विधायक एवं आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक जी ने आज अपने परिजनों के साथ ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन ऐतिहासिक महारैली निकाली । इस रैली में हजारों की संख्या में उनके परिजन एवं समर्थक उपस्थित थे।
लगभग 5 घंटे चली इस महारैली की शुरुआत विधायक पाठक ने छत्री बाजार स्थित रोकड़िया सरकार हनुमान मंदिर पर पूजा अर्चना करके की। यहां से विधायक पाठक अपने समर्थकों एवं परिजनों के साथ पैदल-पैदल चलकर जनकगंज, मोर बाजार, महाराज बाड़ा होते हुए सराफा बाजार , डीडवाना ओली, गस्त का ताजिया पहुंचे यहां से राम मंदिर होते हुए पाटनकर चौराहा से दौलतगंज, माधवगंज, गोरखी स्काउट गाइड होते हुए पुनः महाराज बाड़े पर से गुजरते हुए हेमू कालाणी चौक पर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आज की महा रैली का समापन किया गया।
विधायक पाठक के पेर में फ्रैक्चर होने के बावजूद वे इतनी लंबी महारैली में पैदल चलकर अपने समर्थकों के साथ आगे बढ़ते रहे और महारैली पूरी की।
उन्होंने कहा कि आज की इस महारैली में जो जन सैलाब उमड़ा है उससे 3 दिसंबर को आने वाले चुनाव परिणाम में जीत सुनिश्चित दिखती है।
पाठक ने उपस्थित जनसमूह को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम सबको पूरी ताकत से 17 नवंबर को कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरे मनोयोग से मेहनत करके काम करना है एवं अधिक से अधिक मतदान करवाकर अपनी जीत सुनिश्चित करनी है।












