ग्वालियर – ग्वालियर 15 मार्च 2023/ जिले के गाँव-गाँव व शहर-शहर में बुधवार को महिलाओं के ई-केवायसी अर्थात समग्र आईडी, आधार एवं मोबाइल फोन नंबर से मिलान का काम किया गया। खासतौर पर “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” की पात्रता के दायरे में आने वाली सभी महिलाओं की ई-केवायसी का काम किया जा रहा है। यह अभियान शतप्रतिशत महिलाओं की ई-केवायसी होने तक जारी रहेगा।

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने ई-केवायसी के साथ-साथ जिन महिलाओं के खाते नहीं हैं, उनके नजदीकी बैंक में खाते खुलवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित महिला का ई-केवायसी होना जरूरी है। इसलिए सभी अधिकारी इस काम को पूरी गंभीरता से अंजाम दें।
डबरा एसडीएम श्री प्रखर सिंह ने अपनी मौजूदगी में नगर पालिका डबरा के वार्ड-2 सहित शहर की अन्य बस्तियों में ई-केवायसी का काम कराया। इसी तरह ग्राम बेलगढ़ा, ककरधा, कल्याणी, सांखनी, चिटौली, नगर परिषद भितरवार, मुरार जनपद पंचायत के ग्राम राई एवं घाटीगाँव क्षेत्र के विभिन्न गाँवों में ई-केवायसी के लिये बुधवार को विशेष मुहिम चलाई गई। ग्वालियर शहर में भी एमपी ऑनलाइन कियोस्क व सीएससी सहित नगर निगम के अमले द्वारा ई-केवायसी का काम किया गया।
“मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” की पात्रता की शर्तें भी राज्य शासन द्वारा निर्धारित कर ली गई हैं। जिन परिवारों की वार्षिक आय ढ़ाई लाख रूपए से कम है, पाँच एकड़ से कम जमीन है और परिवार में कोई आयकरदाता नहीं है। ऐसे परिवारों की 23 से 60 वर्ष तक की बहनें योजना के लिये पात्र हैं। योजना में परिवार का आशय है पति, पत्नी और बच्चे । योजना के तहत 25 मार्च से 30 अप्रैल तक आवेदन भरे जायेंगे। पंजीयन फॉर्म भरवाने के लिये ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के वार्डों में शिविर लगाये जायेंगे। मई माह में आवेदनों की जाँच होगी और 10 जून को पहली किश्त पात्र महिलाओं के बैंक खातों में जमा की जायेगी।












