मर्सी होम से लगी हुई भूमि पर बनाया जायेगा 50 – 50 बैड का लाँग स्टे होम

0
97

संभागीय आयुक्त  दीपक सिंह की अध्यक्षता में मानसिक आरोग्यशाला की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर  –  ग्वालियर में मर्सी होम से लगी हुई खुली भूमि पर महिलाओं और पुरूषों के लिये 50 – 50 बैड का लाँग स्टे होम बनाया जायेगा। इसके साथ ही मर्सी होम की भूमि का सीमांकन कर चार दीवारी से सुरक्षित करने का कार्य भी कराया जायेगा। संभागीय आयुक्त  दीपक सिंह ने बुधवार को इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल हैल्थ (मानसिक आरोग्यशाला) की समीक्षा बैठक में यह बात कही।

संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मानसिक आरोग्यशाला के बेहतर क्रियान्वयन के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। बैठक में कलेक्टर  अक्षय कुमार सिंह, संचालक मानसिक आरोग्यशाला डॉ. लहारिया, अपर आयुक्त नगर निगम  आर के वास्तव सहित विभागीय अधिकारी और आरोग्यशाला से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

संभागीय आयुक्त  दीपक सिंह ने कहा कि ग्वालियर में मर्सी होम से लगी हुई भूमि का बेहतर उपयोग हो, इसके लिये महिलाओं व पुरूषों का पृथक-पृथक 50 – 50 बैड का लाँग स्टे होम निर्माण करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके साथ ही मर्सी होम की भूमि का सीमांकन कर उसको चार दीवारी से सुरक्षित किया जाए ताकि मर्सी होम की भूमि का बेहतर उपयोग किया जा सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मानसिक आरोग्यशाला में पुरानी सीवर लाइन बदलने के लिये 35 लाख रूपए की राशि स्वीकृत हुई है। नगर निगम के माध्यम से नई सीवर लाइन डालने का कार्य किया जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लाँग स्टे होम के संचालन के लिये रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 5 लाख रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। संभागीय आयुक्त  दीपक सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मर्सी होम के बच्चों का आधारकार्ड एवं अन्य दस्तावेज तैयार कर उन्हें दिव्यांग पेंशन उपलब्ध कराने की दिशा में तत्परता से कार्रवाई करेंगे।

मानसिक आरोग्यशाला के संचालक डॉ. लहारिया ने बताया कि मानसिक आरोग्यशाला के लिये क्षेत्रीय सांसद  विवेक नारायण शेजवलकर ने सांसद निधि से एम्बूलेंस प्रदान की है। इसके साथ ही सीएसआर मद से रोटी बनाने की मशीन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मानसिक आरोग्यशाला में रोगियों के उपचार के साथ-साथ विभिन्न डिप्लोमा का अध्ययन भी कराया जा रहा है।

LEAVE A REPLY