महिलाओं के कल्याण व सशक्तिकरण के उद्देश्य से ग्वालियर जिले में भी विशेष अभियान शुरू
ग्वालियर 22 मार्च 2023/ जिले के विभिन्न आँगनबाड़ी केन्द्रों पर नव संवतसर के पहले दिन महिलाओं का रोली-चंदन के टीके लगाकर और पुष्पाहारों से स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना की पात्रता, ई-केवायसी और फॉर्म भरने की विधि समझाई गई। महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से ग्वालियर जिले में भी 22से 30 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जिले के आंगनबाडी केन्द्रों पर बुधवार को महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

जिले के विभिन्न ग्रामों एवं शहरी वार्डों में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के आवेदन भरवाने के लिए आयोजित होने वाले शिविरों के साथ इस अभियान के सम्मेलनों का आयोजन भी होगा । कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने महिला बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के तहत सुव्यवस्थित ढंग से सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास राहुल पाठक ने बताया कि जिले में विशेष अभियान के तहत पहले दिन उत्सवी वातावरण में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना शहरी क्रमांक-एक व 2 के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्र तथा नदी पार टाल व बेरजा सहित जिले की अन्य बाल विकास परियोजनाओं में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित हुए।
जिसमें विशेष तौर पर मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की पात्रता में आने महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। इस आयोजन में योजनाओं से संबंधित महिलाओं की जिज्ञासाओं का समाधान संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के प्रावधानों और आवेदन की प्रत्येक बिंदु की जानकारी सरल भाषा में दी गई।












