चाईबासा- विश्व जल दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में जल जीवन मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को बुधवार को सम्मानित किया गया।
जिला मुख्यालय चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अनन्य मित्तल ने इन्हें सम्मानित किया। जल जीवन मिशन और हर घर नल योजना में जिन गांवों को लाभ मिल रहा है उनके मुखिया और संबंधित क्षेत्र की जलसहियाएं इनमें शामिल थीं।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में जलाशय पर आधारित रोज़गार के तहत चक्रधरपुर के जेनासाई डैम में बुधवार से बत्तख पालन और मत्स्य पालन की भी शुरुआत की गई। इसमें स्थानीय गांवों की लाभुक समितियों को लाभ मिलेगा।
यहां के ग्रामीणों ने समितियां गठित कर जिला प्रशासन से जलाशय पर आधारित रोज़गार उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया कि बत्तख पालन और मछली पालन के लिए इन्हें केज उपलब्ध कराया गया है। साथ ही साथ डैम में दो मोटर बोट भी लाभुक समितियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं जिनसे स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।











