ग्वालियर – 16 मार्च, 2023/ ग्वालियर जिले के सरपंचों के बीच अपनी ग्राम पंचायत की सभी पात्र बहनों को सबसे पहले “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” का लाभ दिलाने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो रही है। कोई सरपंच दिन में तो कोई रात में चौपाल लगाकर महिलाओं की ई-केवायसी अर्थात समग्र आईडी, आधार व मोबाइल नम्बर मिलान कराने के काम में जुटा है।

ग्वालियर जिले की जनपद पंचायत मुरार की ग्राम पंचायत उटीला की सरपंच श्रीमती राधिका हेमेन्द्र सिंह गुर्जर ने बुधवार की देर रात तक शिविर लगाकर महिलाओं की ई-केवायसी का काम कराया। उन्होंने पंचायत सचिव, रोजगार सहायक व अन्य विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के सहयोग से 4 लैपटॉप पर ई-केवायसी कराई। कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री अभिषेक मौर्य, श्री मुकेश सेन, श्री संदीप रजक तथा श्री नरेन्द्र सिंह रात-रात भर ई-केवायसी का काम कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह को जब इस पहल की जानकारी लगी तो उन्होंने द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से रात्रि 10 बजे सरपंच सहित शिविर में मौजूद महिलाओं व ई-केवायसी का काम कर रहे कर्मचारियों से संवाद किया और उन्हें शाबाशी दी। कलेक्टर ने सरपंच सहित सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी से कहा है।












