जबलपुर – मोट अनाज पर देशभर के वैज्ञानिक १ मार्च से जबलपुर में जुटेंगे और मंथन करेंगे। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में मध्यप्रदेश मिलेट्स मिशन के अंतर्गत जनेकृविवि, नावार्ड, नाहेप द्वारा मोटे अनाज पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन एक मार्च से किया जा रहा है। जिसमें ३०० से अधिक कृषि विज्ञानिक जुटेंगे, साथ ही कृषकों हेतु मिलेट्स के प्रति आकर्षण व उत्पाद विपणन व समस्याएं व समाधान पर मंथन करेंगे। इस सेमिनार के ज़रिए मिलेट्स का उत्पादन बढ़ाना और इसका अधिकारिक उपयोग पर मंथन किया जाएगा।

संचालक अनुसंधान सेवायें डा. कौतू ने बताया कि सभी पाजिटिव मिलेट्स (श्री अन्न), कोदो, कुटकी, रागी, सांवा, कंगनी, ज्वार, बाजरा जैसे पोषक अनाज को आम जनमानस में जागरूकता हेतु मिलेट्स के फुड फेस्टिवल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा सात से अधिक शोध क्षेत्रों पर पेपर प्रदर्शन किये जाएंगे। आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला एवं डिंडौरी के प्रमुख फसल मिलेट्स के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन कर एवं बने हुये उत्पादों का आनंद जबलपुर वासी भी उठा पाएंगे। इस हेतु राष्ट्रीय सेमिनार में फूड फेस्टिवल एवं प्रदर्शनी का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विशेष रूप से विभिन्न प्रकार के मिलेट्स के व्यंजन एवं उत्पाद तैयार कर प्रदर्शनी लगाई जा रही है।












