प्रभारी मंत्री सिलावट एवं ऊर्जा मंत्री तोमर ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा के साथ लिया तैयारियों का जायजा
ग्वालियर।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित एयरपोर्ट विस्तार के शिलान्यास समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा के साथ मेला परिसर पहुँचकर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ-साथ प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश करायेंगे। साथ ही जल-जीवन मिशन के तहत नल-जल योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप सहायता भी वितरित करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर अभय चौधरी व ग्रामीण कौशल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के बाद प्रभारी मंत्री श्री सिलावट एवं ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री द्वय ने कहा कि सभी तैयारियों को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे सभा स्थल पर आने वाले हितग्राहियों एवं आम नागरिकों को कोई तकलीफ न हो। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था करने पर बल दिया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर संभाग आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ओएसडी पुरूषोत्तम पाराशर, अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले व एच बी शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगांखी डेका, एयरपोर्ट के निदेशक अजय श्रीवास्तव तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।












