दोपहर 3 बजे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे सभा स्थल का निरीक्षण
ग्वालियर।
एयर टर्मिनल के विस्तार का शिलान्यास करने आ रहे केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शहर में रहेंगे। एयरपोर्ट से मेला मैदान सभा स्थल और फिर वहां से जयविलास पैलेस तक 3 हजार से ज्यादा पुलिस जवान व अफसर तैनात किए जा रहे हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीजी श्रीनिवास और एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी ने अपने हाथ में ली है। शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं और पुलिस नॉन स्टॉप चैकिंग कर रही है। शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की पूरी तलाशी लेकर ही जवान व अफसर आगे जाने दे रहे हैं। जो भी संदिग्ध दिखाई देता है, उसे थाने लाकर पड़ताल की जा रही है। जिन इलाकों से गृह मंत्री का काफिला गुजरेगा, उस इलाके में रहने वालों की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। हर घर के सदस्यों की संख्या और उनके घरों पर पुलिस नजर रख रही है।
देर रात तक करते रहे निरीक्षण
एसएसपी अमित सांघी का कहना है कि केन्द्रीय गृहमंत्री की सुरक्षा के इंतजामों को फायनल टच दिया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए क्राइम ब्रांच के साथ ही थानों में पदस्थ तेज तर्रार जवानों को सुरक्षा के लिए लगाया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर स्थित थाना पुलिस को हर आने जाने वालों की जानकारी लेकर ही आने और जाने दे रहे हैं। लगभग शहर में एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल और जयविलास पैलेस तक तीन हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया जा रहा है। जवानों को VVIP रूट पर पड़ने वाले ऊंचे भवनों पर भी तैनात किया जाएगा। हर घर में जाकर पुलिस पड़ताल कर रही है। सभा स्थल काे भी पुलिस ने अभेद किले में बदल दिया है।
बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने की चेकिंग
शुक्रवार की सुबह से BDS(बम डिस्पोजल स्क्वॉड़) की टीमें भी मैदान में हैं और कार्यक्रम स्थल से लेकर उनके आने और जाने वाले मार्गों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलाव एयरपोर्ट, स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सर्चिंग की है।
रात भर होटल और धर्मशालाओं में की सर्चिंग
पुलिस ने रात में सड़क पर चैकिंग के साथ ही होटल और धर्मशालाओं के साथ ही लॉज व अन्य गेस्ट हाउस खंगाले है। पुलिस ने वहां पर रहने वालों की जानकारी एकत्रित की। यहां पर ठहरने वालों से उनके आने का कारण और कब तक वह यहां पर ठहरेंगे, इसकी पूरी जानकारी नोट की।












