शंकरपुर में 2 करोड 47 लाख रूपये की लागत से बनाये जा रहे विद्युत उपकेन्द्र का मंत्री द्वय ने किया भूमि पूजन
ग्वालियर।
नगर निगम सीमा के वार्ड 64 के अंतर्गत शंकरपुर में 2 करोड 47 लाख रूपये की लागत से बनने जा रहे 33 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र का रविवार को भूमि पूजन किया। यह क्षेत्र उद्यानिकी मंत्री भारत कुशवाह की विधानसभा का है इसलिए कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित किया गया। काम ऊर्जा मंत्रालय का है इसलिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को आमंत्रित किया गया। आयोजकों के सामने सवाल खड़ा हुआ कि किसे मुख्य अतिथि मानें, लिहाजा कोई छोटा-बड़ा न समझे इसलिए दोनों को ही मुख्य अतिथि मान लिया।
जहां आवश्यकता, वहां खड़े होंगे विद्युत सब स्टेशन
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर में जहां भी आवश्यकता होगी वहां सब स्टेशन बनाये जाएगें, एक भी सब स्टेशन की कमी नहीं आने दी जाएगी। आने वाले 20 वर्षों को ध्यान में रखकर क्षेत्र में विद्युत का कार्य किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र में निर्वाध रूप से बिजली मिलती रहे। इस अवसर पर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि विद्युत उपकेन्द्र बन जाने से इस क्षेत्र के लगभग 8 से 10 गावों की बार बार लाइट जाना व कम वोल्टेज आने संबंधी समस्याओं से निजाद मिलेगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगी राहत
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि आज खुशी का दिन है कि बदनापुरा, शंकरपुर, रेशमपुरा, पुरानी छावनी, थर आदि जगहों के लगभग 2500 उपभोक्ताओं को इस सब स्टेशन का लाभ मिलेगा। इसका श्रेय आप सभी को जाता है। राज्य मंत्री कुशवाह ने कहा कि शंकरपुर में विद्युत केन्द्र की स्थापना से कृषि कार्य के लिये भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अवासीय बस्तियों के विस्तार से बिजली की आवश्यकता भी बढ़ रही है। इस बात को ध्यान में रखकर ही शंकरपुर में 33 केव्ही का विद्युत उपकेन्द्र खोला जा रहा है। क्षेत्रीय पार्षद मनोज यादव ने स्वागत उदबोधन दिया। भूमि पूजन के अवसर पर सुरेन्द्र शर्मा, मुख्य महाप्रबंधक राजीव गुप्ता, एसडीएम प्रदीप तोमर, उपमहाप्रबंधक श्रीनिवास यादव आदि उपस्थित रहे।












