केंद्रीय गृहमंत्री 16 को सौपेंगे 256 हितग्रहियों को पीएम आवास की चाबी

0
265

 6979.40 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 89 नल-जल योजनाओं का करेंगे भूमि पूजन

ग्वालियर।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर 2022 को दोपहर 3:35 बजे मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महलगांव में बनाए गए 256 एमआईजी 3 बीएचके का आवंटन किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि 16 अक्टूबर को केंद्रीय ग्रह मंत्री श्री शाह ग्वालियर आ रहे हैं। यहां पर वह नए एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही शहर विकास से जुडी कई योजनाओं को भी जनता के लिए लोकार्पित करेंगे। इनमें नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महलगांव पर बनाए गए 256 एमआईजी 3 बीएचके की सौगात जनता को सौंपी जाएगी।
इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 6979.40 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 89 नल-जल योजनाओं का शिलान्यास तथा जल जीवन मिशन के हितग्राहियों को किट वितरित की जायेगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं केन्द्रीय नागर विमानन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
समारोह में केन्द्रीय नागर विमान एवं सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री डॉ. विजय कुमार सिंह, प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार , विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, राज्य लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल एवं सभापति मनोज सिंह तोमर को कार्यक्रम में बतौर अतिथि आमंत्रित किया गया है।

LEAVE A REPLY