जब ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवार नाबालिग को रोका तो उसने चढ़ा दी गाड़ी, पुलिसकर्मी घायल 

0
118

मुंबई – मुंबई के वकोला इलाके में एक बाइक सवार ने ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर अपनी बाइक चढ़ा कर जान से मारने की कोशिश की. घटना रविवार रात की है। इस घटना में पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

यह घटना मुंबई एयरपोर्ट के गेट नंबर 8 के सामने वकोला मिलिट्री कैंप इलाके में सड़क पर हुई। इस घटना में ट्रैफिक कर्मचारी पुलिस कांस्टेबल विजय चव्हाण (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी वी.एन.देसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात मुंबई एयरपोर्ट के आठ नंबर गेट एरिया में वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस ने बंदोबस्त किए थे. ट्रैफिक पुलिस विजय चव्हाण ने उसी क्षेत्र में क्रिकेट मैच खेलने के लिए ट्रिपल सीटर बाइक पर यात्रा कर रहे बाइक सवार को रुकने की चेतावनी दी।

लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय चव्हाण को जोरदार टक्कर मार कर भाग गया इससे वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सांताक्रूज पूर्व के महानगरपालिका के वी.एन.देसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चव्हाण ने इस संबंध में वकोला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करायी है. बाइक सवार युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लेकिन चूंकि बाइक सवार लड़का नाबालिग है, इसलिए वकोला पुलिस ने लड़के के माता-पिता के खिलाफ भी मामला दर्ज कर कार्रवाई की है.

 

LEAVE A REPLY