सिटी रिपोर्टर ग्वालियर। ग्वालियर कलेक्टर जनसुनवाई में बड़ा गंभीर मामला सामने आया है जिसके चलते प्रशासन के भी होश उड़ गए हैं, जिले में सरकार की मंशा पर रहने के लिए दिए गए जमीनों के पट्टो को भूमाफिया खरीद रहे है,इतना ही नही सरकारी रास्तो को भी बंद करके गोचर जमीन पर भी कब्जा कर रहे हैं।ग्रामीणों की शिकायत पर ग्वालियर एडीएम ने तहसीलदार एसडीएम को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दरअसल ग्वालियर के डबरा तहसील के अंतर्गत मेहगांव गांव में रहने वाले बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी तहसीलदार से साँठगांठ के जरिए उनके गांव से खेत के लिए जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है, उस रास्ते में मौजूद शासकीय पट्टे की जगह को भी दबंगों द्वारा खरीद लिया गया,जिसके चलते एक ओर उनके आने जाने का रास्ता बंद हो गया है तो वहीं दूसरी ओर बेघर असहाय लोगों के लिए सरकार द्वारा दी गई पट्टे की जमीन को खरीदने का बड़ा रैकेट भी उजागर हुआ है। ऐसे में उनके द्वारा ग्वालियर एडीएम से कार्रवाई की मांग की गई, एडीएम अंजू अरुण कुमार ने ग्रामीणों की शिकायत को सुनने के बाद एसडीएम को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, एडीएम अंजू अरुण कुमार का कहना है कि शासकीय पट्टे की जमीन को विक्रय नहीं किया जा सकता,यह नियमानुसार गलग है, यह गंभीर मामला है यही वजह है कि तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं,गौरतलब है कि इस मामले के बाद जो दस्तावेज एडीएम को शिकायत के साथ दिए गए हैं उसमें स्पष्ट दर्शाया गया है कि शासकीय पट्टे की जगह की रजिस्ट्री कराई गई है,जिससे साफ इशारा हो रहा है कि भूमाफियों के द्वारा सरकारी मशीनरी से सांठगांठ कर यह सब किया गया है। लिहाजा देखना होगा की ADM के निर्देश पर जांच के बाद कैसी कार्रवाई देखने मिलती है।












