पल्स पोलियो अभियान के तहत 23 जून को बच्चों को पिलाई जायेगी जिंदगी की दो बूँद

0
80

23 से 25 जून तक जिले में चलेगा पल्स पोलियो अभियान कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिलेवासियों से की अपील, पोलियो सुरक्षा कवच पहनाने के लिये अपने बच्चों को लेकर बूथ पर अवश्य पहुँचें

ग्वालियर। जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो सुरक्षा कवच पहनाने के लिये जिले में 23 से 25 जून तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जायेगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में जिले में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के लिये गठित टीमों को जिले के जन्म से पाँच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलेवासियों से अपील की है कि वे रविवार को जन्म से 5 वर्ष तक के अपने बच्चों को जिंदगी की दो बूँद पिलाने के लिए पोलियो बूथ पर अवश्य पहुँचें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के राजौरिया ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार 23 जून को पोलियो बूथ पर जिंदगी की दो बूँद पिलाईं जायेगी। जिलेभर में 2 हजार 216 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 140 टीम घर-घर भ्रमण करेंगीं। इसके अलावा 83 ट्रांजिट बूथ बनाए जायेंगे जो हवाईअड्डा, रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, प्रमुख चौराहों इत्यादि पर पोलियो रोधी खुराक पिलायेंगीं। अभियान के तहत मोबाइल टीम के माध्यम से घुमन्तु जातियों, सड़क निर्माण, क्रेशर, ईंट भट्टों इत्यादि पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी।
अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से अंजाम देने के लिये 4 हजार 712 कर्मचारी व 253 सुपरवाइजर सहित कुल 4 हजार 985 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिला स्तर से प्रत्येक विकासखंड एवं शहरी क्षेत्र के लिये पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर के गुप्ता ने बताया कि रविवार 23 जून को प्रात: 8 बजे से सायंकाल 5 बजे तक पोलियो बूथ पर जिंदगी की दो बूँद पिलाई जायेंगीं।

LEAVE A REPLY