आग दोनों ओर से लगी है…तुमने पुकारा और हम चले आये : शिवराज सिंह चौहान

0
156

-पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ग्वालियर और मुरैना दो लोकसभा में जनसभाओं को संबोधित किया। ग्वालियर में किया रोड-शो

सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को 2 लोकसभा क्षोत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। साथ ही ग्वालियर में रोड-शो किया। पूर्व सीएम ने ग्वालियर से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह और मुरैना से भाजपा उम्मीदवार शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि, हम राजनीति में इसलिए हैं कि, देश और जनता की सेवा कर सकें। मैं विधायक था तो विधायक के रूप में जनता की सेवा की। फिर सांसद बना तो सांसद के रूप में सेवा की और मुख्यमंत्री बना तो मुख्यंमत्री के तौर पर जनता की जिंदगी बेहतर बनाने का काम किया। मैं जनता का सेवक हूँ, मैं मानता हूँ कि जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है। भगवान भी तभी प्रसन्न होते हैं जब हम दूसरों की सेवा और भलाई के लिए काम करते हैं। हम सब एक परिवार है, मैं नेता नहीं भैया और मामा हूं। हमारे प्यार के रिश्ते हैं, पदों के नहीं।

कांग्रेस, इंडी का प्रधानमंत्री कौन
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, चुनाव में तीन चीजों पर विचार किया जाता है। सबसे पहले तो ये देखा जाता है कि, प्रधानमंत्री कौन बनेगा। भारतीय जनता पार्टी में तो तय है कि, प्रधानमंत्री मोदी जी हैं और मोदी जी ही बनेंगे, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन बताएं कि, उनका प्रधानमंत्री कौन है। पूर्व सीएम ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि, गर्मी के दिन हैं अगर हम बाजार में मटका भी खरीदने जाते हैं तो ठोक-बजा कर देखते हैं कि, कहीं से रिस तो नहीं रहा है। हम कोई भी चीज देख परख कर लेते हैं। इसलिए कांग्रेस और इंडी गठबंधन ये तो बताएं कि, मोदी जी के मुकाबले कौन हैं। दूसरी चीज देखी जाती है पार्टी, तो भारतीय जनता पार्टी नंबर वन पार्टी है और तीसरी चीज देखी जाती है कि, हमारा उम्मीदवार कैसा है तो भाजपा के उम्मीदवार विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

कांग्रेस के असली इरादे क्या हैं
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा कह रहें हैं कि, भारत में भी अमेरिका की तरह विरासत कानून लागू किया जाना चाहिए। राहुल गांधी और सैम पित्रोदा गुरू और चेले हैं, पित्रोदा राजीव गांधी जी के भी सलाहकार रहे है। सैम पित्रोदा जैसे लोग ही कांग्रेस को विचार देते हैं, जिनको कांग्रेस क्रियान्वित करती है। अमेरिका में विरासत कानून के तहत माता-पिता की मुत्यू के बाद सम्पत्ति का 55 प्रतिशत हिस्सा सरकार रख लेती है और बच्चों को 45 प्रतिशत हिस्सा ही दिया जाता है। पूर्व सीएम ने कहा कि, ये कहां कि, सोच है, ये भारत है अमेरिका नहीं। भारत अपनी सनातन परंपराओं से ही चलेगा। यहां गरीब माँ-बाप अपना पेट काट काटकर थोड़े पैसे इसलिए बचाते हैं कि, उनकी मुत्यू के बाद बच्चों को कुछ देकर जा सकें, और कांग्रेस उनसे ये भी छीन लेना चाहती है। कांग्रेस आर्थिक और सामाजिक सर्वेक्षण की बात करती है, वो देश को कितने टुकड़ों में बांटना चाहते हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ये स्पष्ट करना पड़ेगा कि, उनके असली इरादे क्या हैं।

राम विरोधी है कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, रामलला विरजमान हुए। बहनें घरों में दीपक जला रही थी, युवा-नौजवान भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, पूरा देश आनंद उत्सव मना रहा था। यहां तक की आयोध्या का अंसारी परिवार जिसने कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा, उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और पूरे अंसारी परिवार ने प्राण-प्रतिष्ठा में भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि, मुहूर्त खराब है, हम नहीं जाएंगे। अंसारी परिवार तक प्राण-प्रतिष्ठा में सम्मिलित हुआ लेकिन कांग्रेस ने निमंत्रण ठुकरा दिया। कांग्रेस का मुहूर्त ही खराब है। कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। गलत फैसलों की वजह से ही कांग्रेस गर्त में जा रही है, और कांग्रेस के विचारवान नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

मामा अभी जिंदा है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंहचौहान ने कहा कि, कांग्रेस की बुद्धि बिगड़ गई है ऐसी कांग्रेस कभी किसी का भला कर सकती। कांग्रेस कहीं भी बची नहीं है, ना दिल्ली में ना भोपाल में। उस समय तो लोग कहते थे कि, बस कांग्रेस की सरकार आ ही गई। कई ने तो कांग्रेस में सूट सिलवा लिए, मंत्री मंडल तक बांट दिए गए, लेकिन उन्हें पता नहीं था कि, मामा अभी जिंदा है। पूर्व सीएम ने कहा कि, आपका ऐसा प्यार और आशीर्वाद मिला कि, कांग्रेस धराशाही हो गई। अब डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री हैं और वो हमारे सभी कामों को आगे बढ़ाएंगे। उनके साथ मैं भी खड़ा हूँ।

3 करोड़ लखपति दीदी बनाएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैंने बचपन में देखा था कि, बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता था। बेटा हुआ तो जश्न मनाओं और बेटी हुई तो मायूसी छा जाती थी। बहनों की तकलीफ देखकर मन में पीड़ा होती थी। इसलिए पहली बार मुख्यमंत्री बनते ही लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई, क्योंकि बेटी को बोझ नहीं वरदान बनाना है। मुझे कहते हुए गर्व है कि, आज प्रदेश में 50 लाख से भी ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां है। बेटा-बेटी को जन्म देने से पहले तक गरीब बहन काम करती थी और जन्म देने के 8 दिन बाद ही सिर पर कपड़ा बांधकर काम पर लौट आती थी। इसलिए बहन को जन्म के पहले 4 हजार और जन्म के बाद 12 हजार रूपए देना शुरू किया ताकि बहन भी बच्चों को जन्म देने के बाद एक-दो महीने आराम कर सकें। लाड़ली बहना योजना ने तो बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए है। घर-परिवार में ही बहनों की इज्जत बढ़ गई है। अब अगला कदम लाड़ली बहनों को लखपति दीदी बनाना है। स्व-सहायता समूह के माध्यम से मध्यप्रदेश में 15 लाख लखपति दीदी बन गई है और मोदी जी ने कहा है कि, 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना है।

दुनिया को दिशा दिखाएगा भारत
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अद्भुत काम किए हैं, उनके नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। पिछले 10 वर्षों में मोदी जी ने भारत का मान और सम्मान बढ़ाया है। जब देश में कांग्रेस की सरकार हुआ करती थी तो दुनिया में कहीं भी भारत की इज्जत नहीं थी। भारत को घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन 2014 के बाद से पूरी दुनिया ने भारत का लोहा माना है। पहले छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, पाकिस्तान भी आंखें दिखाता था, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने कह दिया कि, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। आज भारत, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, और मोदी जी के तीसरे टर्म में हमारा देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा और पूरी दुनिया को दिशा दिखाएगा।

शिवराजमय हुआ ग्वालियर
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में भाजपा उम्मीदवार भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में रोड-शो किया। रोड-शो हजीरा चैराहा से शुरू होकर किलागेट, घासमंडी, कोटेश्वर और उरवाई गेट तिराहे पर समाप्त हुआ। इस दौरान हर नगर, हर गली, हर मोहल्ले और हर छत से शिवराज सिंह चैहान पर फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। रोड-शो जहां-जहां से भी गुजर रहा था, लोग शिवराज का स्वागत सत्कार कर रहे थे। महिलाएं तिलक लगाकर आरती उतार रही थी तो, बड़े-बुजुर्ग सिर पर हाथ रख शिवराज को आशीर्वाद दे रहे थे। भांजे-भांजियों और मामा का प्रेम तो अद्भुत है, बच्चे मामा-मामा कहकर शिवराज से लिपट रहे थे और शिवराज भी बच्चों को दुलार कर रहे थे। पूरे रास्ते हर कोई शिवराज सिंह चैहान की एक झलक पाने के लिए आतुर था। नौजवान शिवराज से हाथ मिलाकर उनके गले में फूल-माला पहना रहे थे। पूरा ग्वालियर शिवराजमय हो गया था। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पार्टी प्रत्याशी श्री भरत सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी रथ में सवार थे।

*कांग्रेस के शासनकाल में जनता दो जून की रोटी के तरस जाती थी*
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी श्री भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में ग्वालियर में उरवाई गेट पर आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी अच्छी सरकार चला रहे हैं, मेरी बहनों कोई भी योजना बंद नहीं होगी, लाड़ली बहना योजना चालू रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। कांग्रेस में इस समय भगदड़ की स्थिति है। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नेता इस समय चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से डर गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री चैहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निस्तेज हो गई है। कांग्रेस के शासनकाल में जनता दो जून की रोटी के तरस जाती थी। भाजपा सरकार बनने पर लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना बनाई गई। प्रधानमंत्री जी ने गरीबों को निःशुल्क अनाज देने की योजना बनाई।
इस अवसर पर मंच पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी , राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया नारोलिया, सभापति मनोज तोमर, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, जिला महामंत्री विनोद शर्मा,  विनय जैन, राजू पलैया, विधानसभा संयोजक अरुण कुलश्रेष्ठ, विधानसभा प्रभारी, राकेश माहौर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह तोमर बिट्टू, जिला मीडिया प्रभारी नवीन चैधरी, जिला मंत्री दारा सिंह सेंगर, पार्षद श्रीमती मंजू सिकरवार, गुड्ड रत्नाकर, अरुण कुशवाहा, दिनेश सिकरवार, जगत सिंह गौरव, मंडल अध्यक्ष मनमोहन पाठक,  आकाश श्रीवास्तव, प्रयाग सिंह तोमर, योगेंद्र तोमर, बृजमोहन शर्मा, दीपक शर्मा, राजू सेंगर सहित सभी जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY