नाक की सीध में माफियाराज, तीन माह में एक करोड़ की मुरम-मिट्टी बेच डाली

0
177

पुलिस को पता न प्रशासन को, जल संसाधन विभाग के अफसर भी आते-जाते रहे

हरीश चन्द्रा, ग्वालियर।

ग्वालियर जिले में माफिया बेलगाम होता जा रहे है। उनका इतना दुस्साहस है कि न केवल रात में बल्कि दिन दहाड़े खेल चमका रहे हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला वार्ड 65 के वीरपुर बांध का सामने आया है। माफियाओ ने पिछले तीन माह में ही इस बांध से अवैध रूप से करीब एक करोड़ रुपए की मिट्टी और मुरम खोदकर बेच डाली। एलिवेटेड रोड के लिए भी अवैध रूप से मिट्टी बेची गई है। आश्चर्य इस बात का है कि जल संसाधन विभाग के अधीन इस बांध के इस अवैध कारोबार की ओर न तो जल संसाधन विभाग, न खनिज विभाग, न पुलिस और न प्रशासन को भनक लगी जबकि हर रोज आधा दर्जन से ज्यादा जेसीबी, डंपर और इतने ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से यह मिट्टी खोदकर बेची जाती रही। दिन-रात ट्रैक्टर-डंपर वीरपुर बांध से हनुमान बांध दौड़ते रहे लेकिन सब मौन साधे रहे। बिल्लू बादशाह की टीम ने जब सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अफसरों को इसकी जानकारी दी तब मंगलवार को आनन-फानन में अधिकारी हरकत में आए।

अवैध कॉलोनाइजरों को बेची मुरम-मिट्टी

वीरपुर बांध, हनुमान बांध सिंचाई विभाग (इरीगेशन) के अधीन हैं। विभाग की अनुमति के बगैर इसमें से मिट्टी-मुरम नहीं खोदी जा सकती। लेकिन पिछले तीन माह से माफिया दिन-रात खुदाई कर रहे हैं। मिट्टी को एलिवेटेड रोड बनाने वाले ठेकेदार को बेचा गया। इसके अलावा आसपास बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों में भी मुरम-मिट्टी बेची जा रही है। इसके अलावा अवैध रूप से ईट के भट्टे संचालित करने और टाइल्स बनाने वालों को भी माफियाओं ने मुरम-मिट्टी बेची है।

इनका कहना है

वीरपुर बांध से बिना अनुमति के मुरम-मिट्टी नहीं खोदी जा सकती। आपके द्वारा जानकारी देने पर मौके पर टीम पहुंची। सूचना सही निकली। खुदाई करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करेंगे।

राजेश चतुर्वेदी, अधीक्षण यंत्री, जल संसाधन विभाग

LEAVE A REPLY