नई दिल्ली – द्वारका डिस्ट्रिक्ट के मोहन गार्डन स्थित विपिन गार्डन इलाके में रविवार सुबह आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक कारोबारी ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद कारोबारी ने खुद भी जान देने की कोशिश की लेकिन वह बच गए। कारोबारी का दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान सुनीता (34) उनके पांच साल का बेटे आयन और चार माह के बेटे अमय के रूप में हुई है। जबकि घायल कारोबारी की पहचान राजेश (38) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक कारोबारी की ओर से दोस्तों के वॉट्सएप ग्रुप पर भेजा गया एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला है जिसमें कारोबारी ने आर्थिक तंगी की वजह से यह कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस ने कारोबारी के खिलाफ हत्या और खुदकुशी का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृत महिला और दोनों बेटों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी शवों का सोमवार को पोस्टमॉर्टम होगा। डीसीपी एम। हर्षवर्धन ने बताया कि राजेश परिवार के साथ विपिन गार्डन सी ब्लॉक में रहते हैं। इनके साथ ही बुजुर्ग माता-पिता भी रहते हैं। राजेश 25 फुटा रोड स्थित सोम बाजार रोड पर एक परचून की दुकान चलाते हैं।











