उद्योगों की स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए MPCCI ने महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में किया पड़ाव

0
213

महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर बैठक आयोजित

ग्वालियर ।

ग्वालियर में स्थापित एवं संचालित औद्योगिक क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा उद्योगपतियों के द्वार पर जाकर, उनकी समस्याओं के निराकरण का जो अभियान प्रारंभ किया है । इसी अभियान के तहत प्रत्येक माह के दूसरे व चौथे शनिवार को ग्वालियर में स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं का निराकरण नगर-निगम, एमपीईबी एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से कराया जा रहा है ।

इस श्रृंखला के अन्तर्गत आज महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में ‘समस्या व समाधान’ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, उपाध्यक्ष-डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-पवन कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष-संदीपनारायण अग्रवाल सहित महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष-श्री संजय कपूर, संयुक्त अध्यक्ष-विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष-विजय जैन, सचिव-श्री सुशील सुराना, संयुक्त सचिव-श्री मुकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष-श्री संजीव मल्होत्रा, उद्यमी- श्री प्रकाश रोहिरा, श्री राजेन्द्र मल्होत्रा, श्री मुकेश अग्रवाल, श्री नागर साहब, श्री हरीश नागपाल सहित एडीशनल एस. पी.-श्री राजेश दण्डोतिया, उपायुक्त, नगर-निगम, श्री ए.पी.एस. भदौरिया, डीजीएम, एमपीईबी-श्री राहुल साहू, ए. ई.-श्री राहुल चौधरी, जेडओ, नगर-निगम, श्री उप्पल भदौरिया सहित महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाईयों के उद्योगपति काफी संख्या में उपस्थित थे ।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे, MPCCI अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स की नवीन टीम ने उद्योगों की स्थानीय समस्याओं मुख्यत: नगर निगम व विद्युत सहित सुरक्षा से संबंधित समस्याओं पर फोकस करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र में ही बैठक/पड़ाव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है । इसी के तहत आज की बैठक महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित की गई है। आज आपके द्वारा जो भी समस्याएँ बताई जाएँगी, उनका निराकरण आगामी बैठक तक हो जाए यह सुनिश्‍चित किया जाएगा । आपने कहाकि मुख्यतः औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएँ पुलिस प्रशासन, नगर-निगम एवं विद्युत मण्डल से संबंधित होती है और इन्हीं पर फोकस करते हुए हमारे द्वारा इन तीनों विभागों के अधिकारियों को यहाँ आमंत्रित किया गया था और वह यहाँ पधारें । इस हेतु मैं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ । आपने कहाकि अगर हमें अपने प्रदेश को देश के प्रथम राज्य में लाना है, तो हमें उद्योगों को संरक्षण देना होगा । उद्योगपतियों को पूरी सुरक्षा मिले और वह सुरक्षित रहें । विद्युत का प्रवाह बगैर किसी अवरोध के 24 घंटे निरन्तर बना रहे और नगर-निगम, औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल प्रदाय सहित साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करें । इन बिन्दुओं पर आज हम चर्चा करेंगे और अगली बैठक जब आयोजित होगी, तब तक अवश्‍य ही आज जो बिन्दु प्रस्तुत किए गए, उन पर कार्य पूर्ण हो चुका होगा, ऐसा मुझे विश्‍वास है ।

बैठक में महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष-श्री संजय कपूर द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाईयों में कार्यरत्‌ श्रमिकों की सुरक्षा के संबंध में उठाते हुए कहाकि महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र ‘ए’ एवं ‘बी’ सेक्टर में बंटा हुआ है और यहाँ संचालित इकाईयों में हजारों की संख्या में श्रमिक कार्यरत्‌ हैं, परन्तु रात्रि के समय में इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के द्वारा छेड़छाड़ व अवैध वसूली की घटनाएँ की जाती है । साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर अवैध रूप से गिट्टी एवं खण्डों की ट्रेक्टर ट्रॉली खड़ी रहती है, जिसके कारण औद्योगिक क्षेत्र का मार्ग अवरुद्ध होता है एवं दुर्घटनाएँ भी आए दिन घटित होती रहती हैं । पुलिस गश्‍त की कोई व्यवस्था नहीं है । हमारा औद्योगिक क्षेत्र दो पुलिस थानों के बीच में बंटा हुआ है, इससे भी उद्यमियों को परेशानी होती है ।

इसी के साथ आपने नगर-निगम से संबंधित समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहाकि सेक्टर-ए, में पानी की लाइन में पहले नियमित रूप से पानी आता था, परन्तु एक वर्ष से पानी के सप्लाई नहीं हो रही है, अपितु पानी के बिल नियमित रूप से आ रहे हैं । नई टंकी बन गई है, परन्तु पानी भरने की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं है । साथ ही, पूरे औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम की कनेक्टिविटी नहीं हैं । जगह-जगह गंदा पानी भरा हुआ है और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं । नियमित रूप से सफाई की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, कचड़े की गाड़ी आती नहीं है और बी ब्लॉक के पीछे स्थित रिहायशी कॉलोनी के लोग गंदगी औद्योगिक क्षेत्र में नियमित रूप से फेंक रहे हैं । इस अवसर पर एक उद्यमी द्वारा बताया गया कि एक बड़ा पाईप नगर-निगम का औद्योगिक क्षेत्र में पड़ा हुआ है, जिसके आसपास लोग बैठकर नशा करते हैं ।

बिजली सप्लाई से संबंधित समस्याओं पर ध्यान केन्द्रित करते हुए, अध्यक्ष-श्री संजय कपूर ने कहा कि हमारे औद्योगिक क्षेत्र में ज्यादातर इकाई प्रोसेसिंग की हैं और इस प्रकार की यूनिट में जब भी ट्रिपिंग होती है, इकाई को इसका काफी खामियाजा उठाना पड़ता है । इसका सबसे बड़ा कारण रखरखाव का अभाव है एवं हुकिंग की है । इसलिए नियमित रूप से मेंटीनेंस का कार्य होना चाहिए । जगह-जगह एव्ही स्विच लगाएँ जाएँ, ताकि उसी क्षेत्र की लाइट जाए, पूरा क्षेत्र प्रभावित न हो । साथ ही, रिहायशी क्षेत्र को औद्योगिक फीडर से पृथक किया जाए ।

इस अवसर पर उपस्थित एडिशनल एस. पी., श्री राजेश दण्डोतिया ने कहाकि आपने जो पाइन्ट बताए हैं, काफी महत्वपूर्ण है । आपके क्षेत्र में 100 डायल की गाड़ी नियमित रूप से घूमेगी । साथ ही रात्रि के समय में 30 मिनिट तक गाड़ी खड़ी भी रहेगी । इस हेतु मैं संबंधित को निर्देशित कर दूँगा । आपने कहाकि रात्रि के समय महाराजपुरा टी.आई. को भी राउण्ड लगाने हेतु आदेशित कर दिया जाएगा ।

इस अवसर पर उपायुक्त नगर-निगम, श्री ए. पी. एस. भदौरिया ने कहाकि 15 अप्रैल से पहले अमृत योजना के तहत जो टंकी बनी है, उससे आपके क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई प्रारम्भ कर दी जाएगी । नालियों की सफाई भी 15 दिवस के अंदर कर दी जाएगी । साथ ही, जो पाइप पड़ा हुआ है, उसे भी हटा दिया जाएगा । साथ ही, आपने उद्योगपतियों से अपना-अपना सम्पत्ति कर 31 मार्च तक जमा करने सहित अपनी-अपनी इकाई में वॉटर हार्वेस्टिंग कराने की अपील की ।

डीजीएम, एमपीईबी-श्री राहुल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि उद्योगों से हमें सबसे अच्छा राजस्व प्राप्त होता है । मैं आपको विश्‍वास दिलाता हूँ कि महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मेंटेनेंस का कार्य काफी अच्छा होगा । हमारे द्वारा इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए 33 केव्ही के फीडर का प्रपोजल बनाया गया है क्योंकि महाराजपुरा एवं डी. डी. नगर में काफी ओवर लोड की समस्या है । इसका सबसे बड़ा कारण हुकिंग है । इसलिए उद्योगों को सेपरेट फीडर पर रखने की प्लानिंग की जा रही है ।

इस अवसर मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल ने कहाकि प्रत्येक उद्योगपति के लिए चेम्बर ऑफ कॉमर्स के दरबाजे प्रत्येक समय खुले हुए हैं । आज आपने जो भी समस्याएँ बताई है, उन्हें चेम्बर सचिवालय में भी प्रेषित करें । प्रत्येक समस्या के निराकरण के लिए चेम्बर ऑफ कॉमर्स हरसंभव प्रयास करेगा । आप किसी भी समय चेम्बर में पधारें, आपका स्वागत्‌ है ।

LEAVE A REPLY