मुरार तहसील भवन का शिलान्यास आज
केन्द्रीय मंत्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में 4 मई को होगा 14 करोड़ 80 लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण
ग्वालियर – केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में 4 मई को आयोजित कार्यक्रम में 14 करोड़ 80 लाख रूपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण होगा।
तोमर के मुख्य आतिथ्य एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह एवं जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की मौजूदगी में तहसील भवन (संयुक्त कार्यालय भवन नगरीय) का शिलान्यास समारोह मुरार के समीप बेरजा-चितौरा मार्ग पर ग्राम खेरियामोदी में प्रात: 11 बजे आयोजित होगा। इस तहसील भवन के निर्माण के लिये राज्य सरकार द्वारा 6 करोड़ 40 लाख रूपए से अधिक राशि मंजूर की गई है।
मुरार तहसील के शिलान्यास के बाद केन्द्रीय मंत्री तोमर सहित अन्य अतिथिगण दोपहर लगभग एक बजे मुरार जनपद पंचायत के ग्राम रौरा पहुँचकर 8 करोड़ 40 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इन विकास कार्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मोहनपुर, दंगियापुरा (एमडीआर) बंधा से ग्वालियर झाँसी रोड़ (एनएच) वाया बस्तरी, रौरा होते हुए अडूपुरा तक लगभग 7 करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से बनाई गई सड़क और इसी सड़क मार्ग पर लगभग 50 लाख रूपए की लागत से बनाए गए पुल का निर्माण शामिल है।












