ग्वालियर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में साडा क्षेत्र में 17 फरवरी को पुलिस प्रशिक्षण शाला तिघरा में आयोजित होने जा रहे विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह गुरूवार को पुलिस प्रशिक्षण शाला तिघरा पहुँचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं हैलीपेड पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर एच बी शर्मा एवं एसडीएम प्रदीप तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी
मौजूद थे। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कुशवाह ने कहा कि इस आयोजन में ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र एवं ग्वालियर शहर में शामिल हुए 6 वार्डों के नागरिक शामिल होंगे। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हजारों हितग्राही मुख्यमंत्री चौहान के प्रति धन्यवाद व्यक्त करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कार्यक्रम की सभी व्यवस्थायें ऐसी रहें, जिससे हर व्यक्ति सुविधाजनक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर पहुँच सके। उन्होंने सुचारू सड़क आवागमन एवं पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था करने पर भी बल दिया।












