लाडली बहना योजना में नगर निगम ग्वालियर के द्वारा 125000 लाडली बहनों का पंजीयन किया जा चुका है एवं यह पंजीयन कार्य सुबह 7:00 से रात के 9:00 तक नगर निगम के कर्मचारियों के द्वारा लगातार किया जा रहा है। नगर निगम ग्वालियर की स्थिति प्रदेश के 16 अन्य नगर निगम के तुलना में तीसरे स्थान पर है ।
परंतु लाडली बहना के पंजीयन के बाद बेंकों के द्वारा महिलाओं के साथ में सहयोग नहीं किया जा रहा है क्योंकि किसी भी लाड़ली बहना को योजना का तभी लाभ मिल पाएगा जब उसका बैंक या पोस्ट ऑफिस में व्यक्तिगत नाम से एकल खाता हो एवं उक्त खाते में आधार लिंक व डीबीटी इनेबल्ड हो। इस कारण से बैंकों में एवं पोस्ट ऑफिस में भारी संख्या में महिलाएं अपने नए खाते खुलवाने या आधार लिंक करवाने या डीबीटी इनेबल करवाने के लिए पहुंच रही है
आज दिनांक 19 अप्रैल को वार्ड 50 के पार्षद अनिल सांखला जी के द्वारा नगर निगम ग्वालियर अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता को सूचना दी गई कि भारतीय स्टेट बैंक महाराज बड़ा ब्रांच में महिलाओं को परेशान किया जा रहा है एवं उनको सुबह 7:00 बजे से खड़ा करके काम बहुत ही धीमी गति से किया जा रहा है इससे बहुत सारी महिलाएं अनावश्यक रूप से परेशान हो रही है। सूचना मिलने पर अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता नगर निगम के स्वास्थ्य एवं सफाई के अमले के साथ भारतीय स्टेट बैंक की महाराज बड़ा ब्रांच में पहुंचे एवं इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक रमेश झा जी से चर्चा की गई और उनसे आग्रह किया गया कि इतनी बड़ी ब्रांच में केवल एक महिला क्लर्क के द्वारा लाडली बहनों का डीबीटी कार्य नहीं किया जा सकता अतः आपको इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ बैठाना चाहिए।
जिस संबंध में बैंक के सहायक महाप्रबंधक रमेश झा द्वारा स्पष्ट रूप से मना कर दिया कि उनके पास कोई अतिरिक्त कर्मचारी नहीं एवं इस संबंध मे आप हमारे सीनियर ऑफिसर से या भोपाल में बात करें। इस पर अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता के द्वारा उनसे कहा गया कि यह कार्य स्वयं सहायक महाप्रबंधक का है कि वह अपने सीनियर ऑफिसर से बात करें या किसी अन्य कार्य के स्टाफ को लाडली बहनों के कार्य में संलग्न करें। नगर निगम ग्वालियर का कार्य शहर की सफाई व्यवस्था का है वह उनके द्वारा कराया जा सकता है।
इसके पश्चात नगर निगम ग्वालियर के स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी , डिपो प्रभारी विष्णु , डब्ल्यूएचओ विक्रम के नेतृत्व में सफाई स्टाफ के द्वारा ब्रांच में जेंटिग मशीन, फागिंग मशीन, सैनिटाइजर मशीन बुलवाकर सफाई का विशेष अभियान चलाकर गांधीगिरी का मैसेज बैंक स्टाफ को दिया गया और उनसे आग्रह किया गया कि जिस प्रकार से तत्परता से नगर निगम ग्वालियर स्वच्छता में काम करता है आप भी इन लाडली बहनों को विशेष सुविधाएं प्रदान करें।
नगर निगम के इस कार्य से अभिभूत होकर ब्रांच मैनेजर के द्वारा लाडली बहनों की सुविधा के लिए दो अन्य कर्मचारियों को नियुक्त किया गया ताकि लाडली बहनों के आधार लिंक एवं डीबीटी इनेबल्ड का कार्य सुगमता पूर्वक सुविधाजनक एवं शीघ्रता से संपन्न किया जा सके। इसके पश्चात नगर निगम अपार आयुक्त वार्ड 50 के पार्षद अनिल सांखला बैंक सहायक महाप्रबंधक रमेश झा एवं बैंक के स्टाफ को धन्यवाद देकर रवाना हो गए।












