ग्वालियर
राहुल गांधी जी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज राजस्थान
की सीमा से मध्यप्रदेश में हुआ प्रवेश
—————-
मुरैना के पिपरई में राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को ध्वज की सलामी के साथ यात्रा ध्वज सौंपा
—————-
सामाजिक न्याय का क्रांतिकारी कदम जातीय जनगणना, सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय के लिए निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा : राहुल गांधी
—————-
किसानों को एमएसपी की गारंटी कांग्रेस की, 73 फीसदी दलित, केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने पर आदिवासी और पिछड़ों की आबादी को
प्रतिनिधित्व की गारंटी देगी : राहुल गांधी
————————
आम गरीब, बेरोजगार के हक की बात करने वाले सपूत राहुल गांधी देते हैं मोहब्बत की गारंटी एवं 2 करोड़ रोजगार, एमएसपी, 2700 गेंहू के दाम, 3100 धान के
दाम देने की झूठ की गारंटी का नाम मोदी गारंटी : जीतू पटवारी
ग्वालियर।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर ग्वालियर में इंद्रदेव ने ख़लल डाला। हजीरा चौराहा पर हुई सभा में रिमझिम बारिश के बीच उत्साही कार्यकर्ता डटे रहे।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज शनिवार को राजस्थान के धौलपुर से, मुरैना होते हजीरा चौराहा पर सभा में तब्दील हो गई।
राहुल गांधी ने इस मौके पर अपने संबोधन में सबसे पहले बारिश में भीगते हुए भी बड़ी संख्या में यात्रा को अपना समर्थन देने आए लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि बीजेपी और आरएसएस लगातार हिंसा और डर का माहौल इस देश में बना रहे हैं। लोगों को धर्म, जाति और प्रदेश की राजनीति में बांट दिया है। कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि सब लोग एक साथ आए।
भाजपा की विचारधारा नफरत की विचारधारा है और हमारी विचारधारा नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान की विचारधारा है। पिछली यात्रा कई प्रदेशों में नहीं पहुंच पाई थी और लोगों ने आग्रह किया था कि उनके प्रदेशों से भी यात्रा निकलनी चाहिए इसलिए दूसरी बार यह यात्रा की जा रही है। लेकिन मध्य प्रदेश जो कि देश का दिल है यहां से दोनों ही यात्राएं निकली हैं।
इसलिए जोड़ा न्याय शब्द
गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में हमने एक और शब्द जोड़ दिया है और वह शब्द है ‘‘न्याय“। क्योंकि युवाओं का बेरोजगार रहना उसने साथ अन्याय है, किसान को सही दाम न मिलना उसके साथ अन्याय है, अलग-अलग तरीकों के अन्याय देश में हो रहे हैं इसलिए हमारी यात्रा का दृष्टिकोण हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है।
गांधी ने कहा कि आपसे मैं आर्थिक अन्याय की बात करना चाहता हूं। इस देश के 22 लोग हैं जिनके पास देश का 50 प्रतिशत धन है और आधी आबादी के पास केवल तीन प्रतिशत धन है। यानी कि 5 प्रतिशत सबसे अमीर व्यक्तियों के पास देश का 60 प्रतिशत धन है। आज 4 दशकों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, यहां तक की पाकिस्तान और बांग्लादेश से दुगनी बेरोजगारी हमारे देश में है।
नोटबंदी और जीएसटी की वजह से छोटे व्यापारीयों के धंधे बंद होने की कगार पर आ गए हैं। केवल 5-6 लोगों की जो मोनोपोली है उसके कारण रोजगार लगातार घट रहे हैं, अदानी को एयरपोर्ट दे दिया, पोर्ट दे दिया, बिजली दे दी, यहां तक कि हिमाचल में आप जाएंगे तो सेब में भी मोनोपोली है। कुछ लोगों को सब कुछ दे देने का नतीजा यह है कि छोटे और मध्यम व्यापार बंद होने लग गए हैं, जिसके कारण बेरोजगार युवाओं को सड़क पर भटकना पड़ रहा है। इस आर्थिक अन्याय का हिस्सेदार किसान भी है। मोदी जी ने 16 लाख करोड रुपए व्यापारियों के माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों का 1 रुपया भी माफ नहीं किया, इसके साथ ही एमएसपी की जो मांग है, उस मेहनती किसान की इस मांग को भी भाजपा ने अस्वीकार कर दिया है। कांग्रेस पार्टी अपने मेनिफेस्टो में किसानों के लिए लीगल गारंटी ला रही है जिसके तहत उनको एमएसपी मिलेगा।
गांधी ने कहा कि अब मैं आपसे सामाजिक न्याय की बात करना चाहता हूं। 50 प्रतिशत पिछड़े, 15 प्रतिशत दलित एवं 8 प्रतिशत आदिवासी मिलकर के 73 प्रतिशत होते हैं, लेकिन उनकी भागीदारी नगण्य है। किसी बड़ी कंपनी की लिस्ट निकालो जितनी बड़ी कंपनियों की लिस्ट में उनके मालिकों में एक नाम भी इस 73 प्रतिशत वर्ग के लोगों का नहीं है, उनके सीनियर मैनेजमेंट में भी एक नाम नहीं, मीडिया के मालिकों में भी इस 73 प्रतिशत वर्ग का एक भी नाम नहीं, यहां तक कि उनके बड़े रिपोर्टर और इनफ्लुएंसर्स में भी 73 प्रतिशत की भागीदारी नहीं। प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में भी उनकी भागीदारी नहीं। गांधी ने कहा कि ब्यूरोक्रेसी में देखें तो 90 लोग जो कि आईएएस अधिकारी हैं उसमें से केवल तीन ओबीसी, एक आदिवासी एवं तीन दलित हैं, जब बजट आता है तो इन लोगों को कोने में बैठने का कहा जाता है।












