मुम्बई – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के अनुसार भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 4-0 से जीत सकती है। उन्होंने कहा कि यह सीरीज भारतीय टीम के पक्ष में जा सकती है क्योंकि हालात उसके पक्ष में हैं। गांगुली ने कहा, मैं 4-0 से भारतीय टीम को जीतते हुए देखता हूं। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब इस सीरीज में भारत को हराना बेहद कठिन रहेगा। भारतीय टीम ने दूसरा टेस्ट छह विकेट से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनायी है।

इस सीरीज में अब तक ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दो मैचों में 11.23 के औसत और 2.84 की इकॉनमी दर से 17 विकेट लिए हैं। जडेजा ने इसके साथ ही 48 की औसत से 96 रन भी बनाए हैं।
वहीं पहले और दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पायी और दोनो ही मैचों में उसे करारी हार मिली। दोनो ही मैच पांच दिनों से पहले ही समाप्त हो गये। इसके साथ ही टीम को खिलाड़ियों के चोटिल होने से भी उसे नुकसान हुआ है। इस कारण कई बड़े खिलाड़ियों को स्वदेश लौटना पड़ा है। कप्तान पैट कमिंस भी निजी कारणों से घर लौट गये हैं। तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में शुरु होगा।












