ग्वालियर – लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने आज ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में तूफानी दौरा कार्यक्रम किया, इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि आपके अधिकारों की लड़ाई जान हथेली पर रख के भी लडूंगा, निभाऊंगा, आपके सम्मान में कभी कमी नहीं आने दूंगा। न ही कोई बाहुबली होगा न ही किसी किसान की जमीन पर कब्जा होगा न ही लोगों के ऊपर झूठे अपराध दर्ज होंगे।
उन्होंने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी आवाज उठाने के लिए आपकी लड़ाई लड़ने के लिए प्रवीण पाठक सदैव उपस्थित रहेगा, मैं अभिभूत हूं आपके स्नेह और आशीर्वाद से । पाठक ने आगे कहा कि मुझे चुनाव प्रचार के लिए समय कम मिला है इसलिए सब जगह पहुंचना संभव नहीं है, मेरी लड़ाई आपको प्रवीण पाठक बनकर लड़ना है । इस क्षेत्र के विकास व उत्थान के लिए दिल्ली में आपको एक पढ़ा लिखा व्यक्ति पहुंचाना है।
मुझे पूरा विश्वास है कि आपका योगदान आपकी मेहनत आपकी सामर्थ्य की दम पर दिल्ली में संसद में इस युवा की यह आवाज बुलंद तरीके से गूंजेगी, दहाड़ेगी।
पाठक ने आगे कहा कि भाजपा के लोग समान वोट की ताकत को खत्म करना चाहते हैं यह हमारा संविधान खत्म करना चाहते हैं जिसे बाबा साहब ने बनाया है। क्षेत्रीय लोगों ने पाठक को बाबा साहब की तस्वीर भी भेंट की।
संगीत सम्राट तानसेन की तपोभूमि बेंहट में उन्होंने जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 20 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है उसके बावजूद भी बेंहट की यह दुर्दशा है। उन्होंने कहा कि मैं सांसद बना तो इस क्षेत्र की दिशा और दशा बदल दूंगा एवं इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। पाठक ने आज के अपने दौरा कार्यक्रम के दौरान सिद्ध स्थल काशी बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया एवं संगीत सम्राट तानसेन की समाधि पर भी पुष्पांजलि अर्पित की एवं 1008 महात्यागी फक्कड़ महन्त करन दास जी महाराज के आश्रम पर पाठक ने मंजीरा बजाकर राम धुन में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर विधायक पाठक के साथ राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया,ग्वालियर ग्रामीण से विधायक साहब सिंह गुर्जर , ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे , भीकम सिंह, महेंद्र जाटव सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल थे।
पाठक ने आज का तूफानी दौरा सुबह 9:00 बजे मोहनपुर गांव से प्रारंभ कर लगभग आधा सैकड़ा गांवों से होते हुए खेरिया मोदी पर संपन्न किया। इस दौरान रास्ते भर सैकड़ो स्थानों पर पाठक का क्षेत्रीय लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया, कई स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई कई स्थानों पर शाॅल और फल भेंट कर क्षेत्रीय लोगों ने उनको आशीर्वाद दिया।
कल 14 अप्रैल 2024 युग पुरुष बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर पाठक सुबह 9:00 बजे अंबेडकर पार्क फूलबाग में श्रद्धांजलि अर्पित कर दिनभर ग्वालियर पूर्व विधानसभा मे बाबा साहब की जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में ग्वालियर पूर्व विधानसभा के विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार के साथ उपस्थित रहेंगे।












