संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने दोनों प्रोजेक्टों के आर्किटेक्ट और अधिकारियों से की चर्चा
ग्वालियर – ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा शताब्दीपुरम योजना फेज-4 में विभिन्न आकारों के 269 डुप्लेक्सों का निर्माण किया जायेगा। इसके साथ ही औकाफ माफी के दो मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जायेगा। संभागीय आयुक्त एवं ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक सिंह ने बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में दोनों प्रोजेक्ट का प्रजेण्टेशन देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्वालियर विकास प्राधिकरण के निर्माण कार्यों को लेकर आयोजित इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकास प्राधिकरण प्रदीप कुमार, प्राधिकरण के इंजीनियर शामिल हुए। इसके साथ ही इंदौर और नागपुर के कंसलटेंट भी ऑनलाइन जुड़े।
संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने कहा है कि शताब्दीपुरम में निर्मित किए जाने वाले डुप्लेक्सों में किचिन के साथ स्टोर, बैडरूम के साथ ड्रेसिंग रूम एवं पूजा घर के साथ ही डुप्लेक्स में मॉड्यूलर किचिन के साथ ही ड्राइंग रूम में फॉल सीलिंग का भी प्रावधान किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि ओपन एरिया में स्थानीय मटेरियल का उपयोग किया जाए। डुप्लेक्स में रहने वालों के लिये सुविधा युक्त पार्किंग निर्माण का भी प्रावधान अनिवार्यत: किया जाए। इंदौर के आर्किटेक्ट मोहित अग्रवाल ने प्रजेण्टेशन के माध्यम से प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
मंदिरों के रिनोवेशन कार्य के संबंध में इंदौर के आर्किटेक्ट सचिन चतुर्वेदी एवं नागपुर के आर्किटेक्ट शिवानी शर्मा ने प्रजेण्टेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में चिन्हित पाँच औकाफ मदिरों में से दो मंदिरों राम जानकी मंदिर निम्माजी की खो एवं नारंगी बाई मंदिर माधौगंज को प्रथम चरण में लिया गया है। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने निर्देशित किया है कि मंदिर परिसर में स्थित कुँए एवं बावड़ियों का जीर्णोद्धार किया जाए।
इसके साथ ही लोहे की जाली डालकर उसे सुरक्षित भी किया जाए। परिसर में वृक्षारोपण के साथ ही ओवरहैड टैंक के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शताब्दीपुरम योजना के तहत कुल 269 डुप्लेक्स का निर्माण किया जायेगा, जिसमें 9×15 आकार के भूखण्डों पर 103, 7×15 मीटर पर 68 और 8×12 मीटर के भूखण्डों पर 98 डुप्लेक्सों का निर्माण किया जायेगा।












