ग्वालियर – चंबल संभाग को मिला 152 इकाईयों का लक्ष्य

0
51

सिटी रिपोर्टर ग्वालियर !

बड़े पैमाने पर दुग्ध यानि डेयरी व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक लोगों के लिये प्रदेश सरकार द्वारा “डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना” चलाई जा रही है। इस योजना के तहत 25 दुधारू पशुओं की इकाई स्थापित करने के लिये 36 से 42 लाख रूपए तक का ऋण-अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में ग्वालियर व चंबल संभाग में 152 इकाईयां स्थापित कराने का लक्ष्य इस योजना में रखा गया है। मध्यप्रदेश में इस साल 828 इकाईयों के लिये सरकार ने 100 करोड़ 72 लाख रूपए बजट प्रावधान किया है। ग्वालियर संभाग के ग्वालियर जिले में मौजूदा वित्तीय वर्ष में “डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना” के तहत 22 इकाईयां स्थापित कराई जायेंगीं। इनमें से 18 इकाईयों के प्रकरण तैयार कराए जा चुके हैं। इसी तरह दतिया, शिवपुरी व गुना जिले में 22 – 22 व अशोकनगर जिले में 10 डेयरी इकाईयों का लक्ष्य रखा गया है। चंबल संभाग के भिण्ड व मुरैना जिले में 22 – 22 व श्योपुर जिले में योजना के तहत 10 इकाईयां स्थापित करने का लक्ष्य मिला है।

पात्रता व शर्तें “डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना” के तहत डेयरी इकाई स्थापित करने के लिये हितग्राही के पास न्यूनतम साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि होना जरूरी है। सम्मिलित खाते ही जमीन भी मान्य होगी पर सभी सदस्यों की सहमति आवश्यक है। एक हितग्राही द्वारा अधिकतम 8 इकाईयां स्थापित की जा सकती हैं। इकाईयों की संख्या बढ़ने पर आनुपातिक रूप से कृषि भू‍मि की अर्हता में भी आनुपातिक वृद्धि होगी। चार किस्तों में उपलब्ध कराई जायेगी आर्थिक सहायता

प्रकरण मंजूर होने पर हितग्राही को प्रथम किस्त के रूप में शेड निर्माण के लिये पहले माह देशी गाय की नस्ल के लिये 11 लाख एवं संकर गाय-भैंस की इकाई के लिये 11 लाख 40 हजार रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। इसके बाद अधिकतम चौथे माह तक 9 पशुओं को खरीदने, बीमा व परिवहन के लिये देशी गाय की इकाई पर 9 लाख एवं संकर गाय/भैंस के लिये 11 लाख रूपए द्वितीय किस्त के रूप में उपलब्ध कराए जायेंगे। तृतीय किस्त आठवे माह में दी जायेगी। आठ पशु क्रय बीमा व परिवहन के लिये देशी गाय की इकाई पर आठ लाख एवं संकर गाय व भैंस के लिये 9 लाख 80 हजार रूपए देने का प्रावधान इस किस्त के लिए किया गया है। चतुर्थ किस्त बारहवे माह में देय होगी। शेष आठ पशु क्रय, बीमा व परिवहन के लिये गाय की इकाई पर 8 लाख व संकर गाय/भैंस की इकाई पर 9 लाख रूपए इस किस्त में दिए जायेंगे।

LEAVE A REPLY