किलागेट पर पालिका बाजार की तर्ज पर बनेगा मार्केटः ऊर्जा मंत्री

0
135

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं निगम के अधिकारियों के साथ की बैठक

ऊर्जा मंत्री श्रीप्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं निगम के अधिकारियों के साथ की बैठक

ग्वालियर – किलागेट चौराहे को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जायेगा। किलागेट पर स्थापित थाने की भूमि पर दिल्ली के पालिका बाजार की तर्ज पर मार्केट विकसित की जायेगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विकास यात्रा के दौरान गुरूवार को किलागेट विकास के संबंध में जिला कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि ग्वालियर के ऐतिहासिक किले को देखने के लिये आने वाले पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए किलागेट चौराहे का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही किलागेट के अंदर आकर्षक पार्क विकसित किया जाए। इसके साथ ही किले के ऊपर तक जाने वाले मार्ग का निर्माण भी शीघ्रता से हो, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में तय किया गया कि किलागेट पर स्थापित पुलिस थाने के लिये जमीन सेवानगर में आवंटित की जा चुकी है। नए थाने का निर्माण तत्परता से प्रारंभ किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि फूलबाग से किलागेट तक निर्मित की गई सड़क के दौरान जिन लोगों के मकान पूर्णत: टूट गए हैं उनके विस्थापन की व्यवस्था भी की जाए। ऊर्जा मंत्री तोमर ने बैठक के दौरान यह भी कहा कि किलागेट के दौरान किलागेट तक निर्मित की गई नई सड़क पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए। इसके साथ ही किलागेट चौराहे पर ही लाईटिंग को और आकर्षक किया जाए।

बैठक के दौरान कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि बैठक में तय किए गए बिंदुओं पर तत्परता से कार्य किया जायेगा। यातायात प्रबंधन का कार्य पुलिस विभाग के माध्यम से किया जायेगा। इसके साथ ही नए मार्केट का निर्माण एवं किले के ऊपर तक पहुँचमार्ग को व्यवस्थित करने का काम भी विभागीय अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी ने कहा कि सेवानगर में नए पुलिस थाने के लिये जमीन आवंटित हो चुकी है। नए थाने का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। इसके साथ ही पुराने थाने की भूमि पर मार्केट निर्माण का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन के माध्यम से तैयार कराया जा रहा है।

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और निगम आयुक्त ने गूजरी महल म्यूजियम का किया अवलोकन

कलेक्टर  अक्षय कुमार सिंह ने किलागेट चौराहे के विकास के लिये आयोजित बैठक के पश्चात गूजरी महल स्थित म्यूजियम का भी अवलोकन किया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  अमित सांघी एवं निगम आयुक्त किशोर कान्याल भी मौजूद थे।
गूजरी महल में स्थित म्यूजियम में रखी गई विश्व प्रसिद्ध शाल भंजिका को देखा। इसके साथ ही म्यूजियम में ग्वालियर संगीत के संबंध में विकसित की गई गैलरी का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने म्यूजियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

LEAVE A REPLY