कुशवाह समाज के 130 मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित, टॊपर्स को दिए लैपटाप
– महात्मा ज्योतिवा फुले जनकल्याण समिति ने चेंबर आफ कॅामर्स में किया आयोजन
ग्वालियर। छात्र-छात्राएं हों या युवा, हर व्यक्ति को जीवन में पूर्ण सफलता के लिए सिर्फ समय का पाबंद, अनुशासन एवं एथिक्स जैसे नौ नियमों का पालन करना चाहिए। सिर्फ टेलैंट के भरोसे हम जीवन में सक्सेस हासिल नहीं कर सकते। विद्यार्थी बुरी संगत को पहचानें और उन्हें दूर कर अच्छी संगत अपनाएं, ताकि आप अपने लक्ष्य से न भटकें। यह बात रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रताप सिंह कुशवाह एवं गोल्ड मेडलिस्ट अधिवक्ता डा. जेपी कुशवाह ने कुशवाह मेधावी छात्र-छात्र सम्मान एवं आभार सभा को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का आयोजन महात्मा ज्योतिवा फुले जन कल्याण समिति ग्वालियर के तत्वावधान में रविवार को चेंबर आफ कामर्स में किया।

समिति के अध्यक्ष महेश कुशवाह एवं सचिव देवेन्द्र कुशवाह ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 130 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॊफी एवं शिक्षण सामग्री देकर सम्मानित किया गया। साथ ही टॊपर चार विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन और 12वीं के छात्र यश कुशवाह को लैपटाप भेंट किया। मंचासीन नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. हरिसिंह कुशवाह, गायनोलॉजिस्ट डा. रानी कुशवाह, मेडिकल आफिसर डा. प्रेमलता कुशवाह, रिटायर्ड थाना प्रभारी राजवीर सिंह एवं थाना प्रभारी ऊटीला अवधेश कुशवाह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में सफलता के मत्र दिए।

सम्मान पाकर खिले चेहरे, तालियों से गूंजा सभागार
बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को समारोह में एक-एक कर अभिभावकों के साथ मंच पर आमंत्रित किया गया है। अतिथियों से पुरस्कार पाते ही बच्चों में उत्साह और खुशी चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। चैंबर आफ कॊमर्स का सभागार बच्चों और अभिभावकों की तालियों से गूंजता रहा।
फुले जयंती पर रैली की सफलता के लिए जताया आभार
महात्मा ज्योतिवा फुले जनकल्याण समिति की अध्यक्ष महेश कुशवाह ने महात्मा फुले की जयंती पर शहर में निकाले गए भव्य चल समारोह के लिए सभी समाजबंधुओं का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि समिति साल में दो भव्य आयोजन समाजहित में करेगी। समिति के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का परिचय दिया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। कुशवाह मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का संचालन देवेन्द्र सिंह कुशवाह ने किया।












