कांग्रेस ने निकाली प्रधानमंत्री मोदी की प्रतीकात्मक अर्थी, आग के हवाले किया

0
78

ग्वालियर।

लोकसभा से सांसद पद से बर्खास्त कर दिए गए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर देशभर में कांग्रेस आंदोलित है। इसी कड़ी में ग्वालियर में भी शुक्रवार शाम को कांग्रेस की यूथ विंग सड़क पर उतरी और मोदी सरकार की सांकेतिक अर्थी निकाली साथ ही उसे जलाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

इससे पहले यूथ कांग्रेसी वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के बाहर एकत्र हुए और यूथ कांग्रेस नेता राजा गुर्जर के नेतृत्व में मोदी सरकार की सांकेतिक अर्थी लेकर फूलबाग चौराहे पहुंचे। इस दौरान यूथ कांग्रेसी केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। फूलबाग चौराहे पहुंचे यूथ कांग्रेसियों से पुलिस ने सांकेतिक अर्थी छीनने के भरसक प्रयास किए। यूथ कांग्रेस ने पुलिस को चकमा देकर थोड़ी ही दूरी पर अर्थी को आग के हवाले कर दिया। आनन फानन में फायरब्रिगेड बुलाई गई लेकिन यूथ कांग्रेसियों की दमकल अमले के कर्मचारियों से भी झूमा झटकी हुई।

इस अवसर कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। मीडियाकर्मियों से बातचीत में कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि जिस तरह से मोदी सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है इससे लगता है कि दमन पर उतारू है। आगे संभागीय प्रवक्ता ने दी लोकसभा स्पीकर को मोदी सरकार का मुखौटा बताया है। उन्होंने कहा है कि जब राहुल गांधी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर आवाज उठा रहे थे तो डरी हुई मोदी सरकार ने उनकी सदस्यता बर्खास्त कर दी। कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने राहुल गांधी पर हुई कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है और कांग्रेस आगामी रणनीति बनाकर मोदी सरकार के कुत्सित प्रयासों का विरोध करेगी। वहीं यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि सीएसपी पड़ाव विजय भदौरिया का कहना है कि मोदी जी की सांकेतिक अर्थी पुलिस ने जलने से पहले छीन ली थी।

LEAVE A REPLY