ग्वालियर – जिले में खुले बोर, कुए, बावड़ी व असुरक्षित जलाशयों पर किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न हो,इसके लिये अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करें। इसके साथ ही असुरक्षित सभी कुए, बावड़ी व जलाशयों के समीप भारतीय दण्ड संहिता की धारा-133 एवं 144 का उल्लेख करते हुए बोर्ड भी प्रदर्शित किए जाएं।
सभी अधिकारी भ्रमण के दौरान असुरिक्षत कुए, बावड़ी व जलाशयों का भी निरीक्षण करें और सुरक्षा के सभी प्रबंधन, सुनिश्चित किए जाएं। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में आपदा प्रबंधन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी अनुविभाग क्षेत्र में आपदा प्रबंधन के भी सभी इंतजाम समय रहते करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर एच बी शर्मा, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती नीतू माथुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा प्रखर सिंह सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों से कहा है कि सम्पूर्ण जिले में असुरक्षित कुए, बावड़ी एवं जलाशयों का सर्वेक्षण कार्य किया गया है। सभी असुरक्षित जल संरचनाओं पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिये अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी करे और उसका पालन सुनिश्चित कराएँ। उन्होंने जिले के निवासियों से भी अपील की है कि असुरक्षित कुए, बावड़ी व जलाशयों के संबंध में अगर कोई जानकारी हो तो अपने क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को उपलब्ध कराएँ ताकि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें।
कलेक्टर सिंह ने 16 अप्रैल को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित ग्वालियर कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि कार्यक्रम के संबंध में विभिन्न विभागीय अधिकारियों को कार्य की जवाबदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी समय रहते सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करें।
सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों को देखें और समय – सीमा में समाधानपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिन प्रकरणों में टीएल मार्क की जाती है उन प्रकरणों को तत्परता से निराकरण करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करें।












