नई दिल्ली – दिल्ली सरकार के दो मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद से ही राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक दूसरे पर हमलावर हैं। बुधवार को सिसोदिया और जैन के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने सीएम अरविंद केजरीवाल और मंत्री कैलाश गहलोत के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं आतिशी को मंत्री बनाए जाने की खबर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि उन्हें मेयर चुनाव में मारपीट करवाने का इनाम मिला है।

अनिल चौधरी ने यह भी कहा कि सौरभ भारद्वाज पहले ही निकम्मा मंत्री साबित हो चुके हैं। चौधरी ने यह भी दावा किया कि मनीष सिसोदिया के मामले में कांग्रेस में दो राय नहीं है। जहां एक तरफ बीजेपी और कांग्रेस अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर रही हैं तो वहीं आप पार्टी भी सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली की राजनीति लगातार गर्माती जा रही है।
विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट भी जारी किया गया है। राजीव चौक पर दिल्ली बीजेपी का आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है जिसमें अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की जा रही है। दिल्ली में बीजेपी की तरफ से आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और इस विरोध प्रदर्शन को जनजागरण अभियान नाम दिया गया है। बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग उठाई गई है। आम आदमी पार्टी अपने आप को कट्टर ईमानदार पार्टी कहती है। इस छवि को लेकर बीजेपी ने सवाल खड़े किए हैं।











