ग्वालियर में विकास के नए-नए आयाम जुड़े हैं और शहर का चहुँमुखी विकास हो रहा है। एलिवेटेड रोड, अंतर्राष्ट्रीय स्तर का नवीन एयर पोर्ट, रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, अंतर्राज्यीय बस अड्डा, दिव्यांग स्टेडियम, हजार बिस्तर अस्पताल, सिविल अस्पताल का नवीन भवन, जिला अस्पताल का नवीन भवन, बिरला नगर प्रसूति गृह, थीम रोड सहित अनेक विकास कार्य शहर में मूर्तरूप ले रहे हैं। इन कार्यों से ग्वालियर की तस्वीर बदली है। ग्वालियर प्रदेश का सबसे विकसित शहर बने इस दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इस आशय के विचार केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन के अवसर पर व्यक्त किए।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रधानमंत्री आवास प्रोजेक्ट के पास सागरताल रोड पर बनाए जा रहे अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं तहसील कार्यालय भवन सहित 88 करोड के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को छोटी-2 समस्याओं के लिए 10 किमी दूर कलेक्ट्रेट जाना पडता है। यहाँ पर एसडीएम व तहसील कार्यालय भवन बनने के बाद लोगों की यह समस्या दूर हो जायेगी और उनकी राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान भी यहीं पर हो जायेगा। सिंधिया ने कहा कि ऊर्जा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रद्युम्न सिहं तोमर ने आमजन की समस्या को भलीभाँति समझकर यह बडी सौगात दिलाई है। उन्होंने कहा कि जनकताल के जिर्णोद्धार कार्य का भी आज भूमि पूजन किया गया है। जनकताल और सागरताल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में सडकों का जाल विछाया जा रहा है। थीम रोड प्रदेश की सबसे सुंदर रोड है, जहां रात के समय आप अपने परिवार के साथ घूमने जरूर जाएं। ग्वालियर की एक भी सडक नहीं छूटेगी, 19 और सडकों की स्वीकृति शीघ्र ही मिलने वाली है। उन्होंने कहा ऊर्जा मंत्री तोमर के रूप में यहाँ की जनता को एक ऐसा जनसेवक मिला है जो अपनी चिंता कभी नहीं करता, हमेशा गरीब शोषित, पीडित एवं वंचित लोगों की चिंता करता है और उनके छोटे से छोटे कार्य के लिए तत्पर रहता है। ऊर्जा मंत्री के अथक प्रयास से ही सेवा नगर की शराब दुकान बंद हुई है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि ग्वालियर अब बदल रहा है, विकास की नई राह पर चल पडा है। ग्वालियर की अब औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान बनानी है। इस दिशा में प्रभावी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा आज 11 करोड की लागत से अनुविभागीय एवं तहसील कार्यालय, 5 करोड की लागत से जनकताल के सौंदर्यीकरण के कार्य, उपनगर ग्वालियर में 6 करोड के विद्युत अधोसंरचना एवं विद्युतीकरण कार्य एवं 28 करोड रूपये की लागत से उपनगर ग्वालियर की विभिन्न बस्तियों में सडक, सीवर, पेयजल, सामुदायिक भवन व सीसी रोड सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। इसके साथ ही बिरला नगर प्रसूति गृह के 50 बेडेड अस्पताल एवं 11 नवीन संजीवनी क्लीनिक सहित उपनगर ग्वालियर की प्रमुख विभिन्न सड़कों का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर सर्वश्री अभय चौधरी, मुकेश चौधरी, अशोक शर्मा, राजकुमार परमार, विनोद शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, प्रयाग तोमर, मनमोहन पाठक, ब्रजमोहन शर्मा, योगेन्द्र तोमर, आकाश श्रीवास्तव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों का भूमि पूजन किया
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को वार्ड-17, 33 एवं 36 में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने वार्ड 17 में हनुमान बगिया कांच मिल मंदिर के पास छत निर्माण कार्य, हजीरा चौराहे किला गेट चौराहा बहोडापुर चौराहा आदि क्षेत्रों में स्मार्ट लाइटिंग, वार्ड 33 में कुशवाह जी की चक्की के सामने टीनशेड, बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य, हनुमान घाटी रोड पर माता मंदिर व दरगाह के सामने ग्रिल बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य एवं वार्ड 36 में वाल्मीकि मंदिर के पास छत के ऊपर सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, रामकुई सनाडय सामुदायिक भवन के ऊपर नवीन भवन निर्माण कार्य, गेडें वाली सडक विश्वकर्मा मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।












