महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम की घटना
सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर पर अंधाधुंध फायरिंग करके उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना की वजह पैसों का लेनदेन बताया जा रहा है। हत्या का आरोप प्रॉपर्टी डीलर और उसके 7-8 अन्य साथियों पर है। घटना के बाद आरोपी अपने घर पर ताला डालकर फरार हो गया है। वहीं पुलिस मामले की तफ्तीश में और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

महाराजपुरा थाना अंतर्गत सुनील गुर्जर नामक एक युवक महाराजपुरा गांव में रहता था। सुनील पेशे से किसान था और प्रॉपर्टी की खरीदफरोख्त में पैसा लगाता था। आज यानी सोमवार शाम तकरीबन 5 बजे शताब्दीपुरम स्थित ए ब्लॉक में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर पुष्पेंद्र सिंह सिंह भदौरिया से तकादा करने आया था। सुनील के भाई राजकुमार के अनुसार इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर पुष्पेंद्र सहित 7-8 लोगों ने सुनील पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि आरोपियों की संख्या अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। इस घटना में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुष्पेंद्र अपने घर में ताला डालकर परिजन के साथ भाग निकला।घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजन को दी। पुलिस ने मौके पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिंक टीम को भी मौके पर बुलवा लिया। पुलिस को मौके पर खाली राउंड मिले हैं। बताया गया है कि सुनील पर लगभग 6 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसके चलते उसके शरीर में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से बात कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम करके मामले की विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दविश देने पुलिस की टीमें रवाना कर दी हैं।












